दिल्ली चुनाव: भाजपा का दूसरे घोषणापत्र में छात्रों के लिए ₹15,000 वित्तीय सहायता का वादा, आप ने किया पलटवार

एडिट
delhi bjp, Delhi assembly polls, Delhi polls, Delhi assembly polls, bjp manifesto Delhi polls, aap, arvind kejriwal hit back bjp, bjp vs aap, दिल्ली के भाजपा का घोषणा पत्र, संकल्प पत्र, आम आदमी का दिल्ली के लिए घोषणापत्र, आम आदमी पार्टी, भाजपा, केजरीवाल,

नई दिल्लीः मंगलवार को  भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना संकल्प पत्र का दूसरा भाग जारी किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने इस घोषणापत्र को प्रस्तुत करते हुए दिल्लीवासियों के लिए कई महत्वाकांक्षी वादे किए। घोषणापत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए बड़े कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है। भाजपा के इस घोषणा पत्र को आम आदमी पार्टी ने मुफ्त शिक्षा समाप्त करने का प्रयास बताया।

शिक्षा और युवाओं के लिए पहल

भाजपा ने शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव का वादा किया है। घोषणापत्र के अनुसार, सरकारी शिक्षण संस्थानों में जरूरतमंद छात्रों को 'केजी से पीजी' तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को ₹15,000 की वित्तीय सहायता मिलेगी, साथ ही आवेदन और यात्रा खर्च की दो बार प्रतिपूर्ति की जाएगी। अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के छात्रों के लिए 'डॉ. बीआर आंबेडकर वजीफा योजना' के तहत ₹1,000 मासिक वजीफा दिया जाएगा। तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाले छात्रों को विशेष सुविधाएं भी मिलेंगी।

ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए योजनाएं

भाजपा ने दिल्ली में ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए विशेष कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की है। इसमें ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए कल्याण बोर्ड का गठन, ₹10 लाख का जीवन बीमा, ₹5 लाख का दुर्घटना बीमा, वाहन बीमा और उनके बच्चों के लिए छात्रवृत्ति का वादा किया गया है।

घरेलू कामगारों के लिए वादे

घरेलू कामगारों के लिए भाजपा ने कल्याण बोर्ड बनाने का वादा किया है। इसमें ₹10 लाख का जीवन बीमा, ₹5 लाख का दुर्घटना बीमा और उनके बच्चों के लिए छात्रवृत्ति शामिल है। साथ ही, महिलाओं को छह महीने की सवेतन मातृत्व अवकाश की सुविधा देने का भी वादा किया गया है।

भाजपा ने भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घोषणापत्र में दिल्ली में कुशासन और भ्रष्टाचार की जांच के लिए एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) के गठन का वादा किया गया है। सरकार में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए योजनाओं की डिजिटल निगरानी की जाएगी।

यहां देखें- भाजपा संकल्प पत्र 2025 की प्रमुख घोषणाएं

वर्ग घोषणा
शिक्षा - जरूरतमंद छात्रों को 'केजी से पीजी' तक मुफ्त शिक्षा।
- प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ₹15,000 की वित्तीय सहायता।
- आवेदन और यात्रा खर्च की दो बार प्रतिपूर्ति।
- अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के छात्रों के लिए 'डॉ. बीआर आंबेडकर वजीफा योजना' के तहत ₹1,000 का मासिक वजीफा।
युवाओं और रोजगार - तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए विशेष सुविधाएं।
ऑटो-टैक्सी चालक - कल्याण बोर्ड का गठन।
- ₹10 लाख का जीवन बीमा और ₹5 लाख का दुर्घटना बीमा।
- वाहन बीमा और बच्चों के लिए छात्रवृत्ति।
घरेलू कामगार - कल्याण बोर्ड का गठन।
- ₹10 लाख का जीवन बीमा और ₹5 लाख का दुर्घटना बीमा।
- बच्चों के लिए छात्रवृत्ति और महिलाओं के लिए 6 महीने की सवेतन मातृत्व अवकाश।
स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाएं - स्वास्थ्य, यातायात, बिजली, पानी और परिवहन जैसी समस्याओं का समाधान।
- जल और वायु प्रदूषण से निपटने के लिए नई तकनीकों का उपयोग।
भ्रष्टाचार और प्रशासन - भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति।
- एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन।
- जन-कल्याण योजनाओं की डिजिटल निगरानी।

अनुराग ठाकुर का बयान

घोषणापत्र जारी करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब हम विकसित भारत की कल्पना करते हैं, तो उसमें विकसित दिल्ली की अहम भूमिका है। भाजपा का संकल्प पत्र दिल्ली को एक विकसित और आधुनिक राजधानी बनाने की दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जहां भी सरकार रही है, वहां जन-कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। भाजपा सरकार बनने पर पड़ोसी राज्यों, एमसीडी, एनडीएमसी और केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर दिल्ली में स्वास्थ्य, यातायात, बिजली, पानी और परिवहन जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। जन-कल्याण योजनाओं के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) का उपयोग होगा। जल और वायु प्रदूषण से निपटने के लिए नई तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

आम आदमी पार्टी का तीखा हमला

भाजपा के इस घोषणापत्र पर आम आदमी पार्टी (आप) ने  निशाना साधा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा का घोषणापत्र "दिल्ली के लोगों को मिलने वाली सुविधाओं को खत्म करने का ब्लूप्रिंट" है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने पर मोहल्ला क्लीनिक और सरकारी स्कूलों की मुफ्त शिक्षा को खत्म कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा मुफ्त बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाएं, और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी योजनाओं को भी बंद कर देगी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने लिखा कि अगर दिल्ली में भाजपा सत्ता में आती है, तो वे दिल्लीवासियों का जीवन कठिन बना देंगे।

गौरतलब है कि दिल्ली में 5 फरवरी को एक ही चरण में मतदान होगा। आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी त्रिकोणीय लड़ाई होने की संभावना है। चुनाव परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article