दिल्ली चुनाव: अरविंद केजरीवाल ने स्वीकार की हार, पीएम मोदी ने भाजपा को दी जीत की बधाई
दिल्ली की 70 विधान सभा सीटों के लिए हुए मतदान के नतीजे अब लगभग ठोस हो चुके हैं। करीब 25 साल बाद भारतीय जनता पार्टी दिल्ली की सत्ता में वापसी करने जा रही है।
दिल्ली चुनाव: आप और भाजपा में मुकाबला Photograph: (IANS)
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधान सभा में पार्टी की हार स्वीकार कर ली है। लगातार दो बार से प्रचण्ड पूर्ण बहुमत प्राप्त करने वाली आम आदमी पार्टी को हराकर स्पष्ट पूर्ण बहुमत प्राप्त कर लिया है।
दिल्ली भाजपा को जीत की बधाई देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि, भाजपा कार्यकर्ताओं पर उन्हें गर्व है। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा दिल्लीवालों की सेवा में कोई कोरकसर नहीं रखेगी।
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) में नंबर दो माने वाले मनीष सिसोदिया ने जंगपुरा विधानसभा सीट पर अपनी हार स्वीकर कर ली है। इस चुनाव से पहले वे लगातार तीन बार पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे और जीत हासिल करने में कामयाब रहे थे। सिसोदिया को भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह से हार का सामना करना पड़ा है। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार 10 में से 9 राउंड की गिनती पूरी होने तक सिसोदिया 34 हजार से ज्यादा वोटों से पीछे थे। बता दें कि भाजपा दिल्ली में 1998 के बाद पहली बार सत्ता में वापस आने जा रही है। दिल्ली में 19 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती की जा रही है। आज 699 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला होना है। निर्वाचन आयोग के अनुसार दिल्ली चुनाव में पहली बार पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने वोट किया है। महिला मतदाताओं ने 60.92% मतदान किया है, जबकि पुरुषों ने 60.21% से ज्यादा वोट डाला है।
Feb 08, 2025 13:16 IST
अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया हारे, थम गया आम आदमी पार्टी का विजय रथ
अरविंद केजरीवाल हारे Photograph: (IANS)
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उप-मुख्यमंत्री दिल्ली विधान सभा 2025 में चुनाव हार गये हैं। अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधान सभा सीट से प्रत्याशी थे। मनीष सिसोदिया दिल्ली की जंगपुरा विधान सभा सीट से करीब 600 वोटों से हारे हैं।
दिल्ली विधान सभा की कुल 70 सीटों के लिए पाँच फरवरी को मतदान हुआ था। वर्ष 2015 और 2020 के विधान सभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने क्रमशः 67 और 62 सीटों पर जीत हासिल करके दिल्ली में प्रचण्ड बहुमत की सरकार बनायी थी। अपने पहले ही चुनाव में 2013 में आम आदमी पार्टी को अपने पहले चुनाव में 28 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस को उस चुनाव में आठ सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा ने 32 सीटों पर जीत हासिल करके सबसे बड़ा दल बनी थी मगर आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के सहयोग से दिल्ली में सरकार बनायी थी।
Feb 08, 2025 11:55 IST
दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन चौथे स्थान पर, मुस्तफाबाद से भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट को तगड़ी बढ़त
AIMIM उम्मीदवार ताहिर हुसैन Photograph: (AIMIM FB)
दिल्ली की मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट अपने निकतमटतम प्रतिद्वंद्वी से 49751 वोटों से आगे चल रहे हैं। खबर लिखे जाने तक मोहन सिंह बिष्ट को 60388 वोट मिले हैं।
दूसरे स्थान पर आम आदमी पार्टी के अदील अहमद खान हैं। उन्हें अब तक 19790 वोट मिले हैं। कांग्रेस के अली मेहदी को अब तक 4264 वोट मिले हैं। दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को अब तक 2438 वोट मिले हैं। ताहिर हुसैन को असदुद्दीन ओवैसी की एमआईएमआईएम से टिकट मिला था।
दिल्ली की मुस्तफाबाद विधानसभा सीट के मतदाताओं में करीब 56 प्रतिशत हिन्दू और करीब 40 प्रतिशत मुस्लिम हैं। इस विधानसभा में करीब 67 प्रतिशत मतदान हआ जो इस दिल्ली चुनाव में किसी भी विधान सभा सीट के लिए सर्वाधिक मतदान प्रतिशत रहा।
Feb 08, 2025 11:47 IST
करावल नगर से कपिल मिश्रा आगे
भाजपा नेता कपिल मिश्रा Photograph: (Kapil Mishra FB)
दिल्ली में करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के लिए वोटों की गिनती जारी है। भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा 9 राउंड की गिनती के बाद अपने विरोधियों पर 23 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। यहां 24 राउंड की गिनती होनी है। आप के मनोज कुमार त्यागी दूसरे नंबर पर और कांग्रेस के पीके मिश्रा तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
Feb 08, 2025 11:20 IST
ओखला विधान सभा परिणाम: AAP के अमानतुल्लाह आगे, दिल्ली दंगे के आरोपी शिफा उर रहमान नंबर दो पर
आम आदमी पार्टी के नेता अमानतुल्लाह खान Photograph: (अमानतुल्लाह खान फेसबुक)
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और मौजूदा विधायक अमानतुल्लाह खान सुबह 11 बजे तक करीब 11 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। अमानतुल्लाह खान को खबर लिखने तक 17,575 वोट पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिफा उर रहमान खान से आगे चल रहे थे। शिफा उर रहमान दिल्ली दंगों के मामले में आरोपी हैं और जमानत पर रिहा हैं।
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के टिकट पर लड़ रहे शिफा उर रहमान को अब तक 8850 वोट मिले हैं। भाजपा के प्रत्याशी मनीष चौधरी को अब तक 8298 वोट मिले हैं। कांग्रेस उम्मीदवार अरीबा खान को 3420 वोट मिले हैं।
अमानतुल्लाह खान दिल्ली की ओखला विधान सभा सीट से लगातार दो बार विधायक चुनाव जीत चुके हैं। आम आदमी पार्टी की लहर में 2015 और 2020 में उन्होंने यह सीट जीती थी।
Feb 08, 2025 11:13 IST
अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधान सभा सीट से फिर पीछे
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल Photograph: ( AAP FB)
अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से एक बार फिर पीछे हो गए हैं। शुरुआती रुझान में वे पीछे चल रहे थे। हालांकि, बीच में केजरीवाल ने 225 वोटों के मामूली अंतर से बढ़त बना ली थी। अब एक बार फिर वे पीछे हो गए हैं। भाजपा नेता प्रवेश वर्मा यहां से आगे चल रहे हैं। इसी सीट पर शीला दीक्षित के बेटे और कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित भी मैदान में हैं। केजरीवाल इस सीट से चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं।
Feb 08, 2025 10:50 IST
कांग्रेस का खाता फिर नहीं खुलेगा?
पिछले दो चुनावों में खाता खोलने में नाकाम रही कांग्रेस का इस बार भी प्रदर्शन निराशाजनक है। कांग्रेस शुरुआती रुझान में एकमात्र विधानसभा सीट बादली से आगे चल रही थी। हालांकि, पार्टी वहां मिली ये बढ़त भी अब गंवा चुकी है।
Feb 08, 2025 10:42 IST
भाजपा इन सीटों पर आगे
चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली में भाजपा उम्मीदवार नरेला, बवाना, किराड़ी, मंगोलपुरी, रिठाला, करावल नगर, मुस्तफाबाद, सीलमपुर, शाहदरा, विश्वास नगर, घोंडा, कोंडली, कस्तूरबा नगर, शकूरबस्ती, दिल्ली कैंट, आरके पुरम, मादीपुर, राजौरी गार्डन, त्रिनगर, नजफगढ़, राजेंद्र नगर, मटियाला, छतरपुर, बिजवासन, संगम विहार, पटेल नगर, मुंडका, उत्तम नगर, गोकलपुर, पालम, नांगलोई जाट, मंगोलपुरी, लक्ष्मी नगर, शालीमार बाग विधानसभा सीट पर आगे चल रहे हैं।
Feb 08, 2025 10:40 IST
भाजपा 39 सीटों पर आगे
चुनाव आयोग के अभी तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की 70 सीटों में से भाजपा 39 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) 23 सीटों पर आगे चल रही है।