नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के प्रवेश सिंह ने हराया। प्रवेश सिंह की जीत के साथ उन्हें भाजपा की ओर से दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें भी तेज हो चली हैं। इन सबके बीच नई दिल्ली विधानसभा सीट पर कांग्रेस के संदीप दीक्षित तीसरे नंबर पर रहे।

केजरीवाल 2013 से नई दिल्ली सीट पर काबिज थे। उन्होंने तब कांग्रेस की दिग्गज नेता रहीं और तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर पहली बार चुनाव लड़ते हुए धमाकेदार जीत दर्ज की थी। हालांकि, चौथी बार इस सीट से मैदान में उतरे केजरीवाल को हार का सामना करना पड़ा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से 3,186 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। यहां से भाजपा के प्रत्याशी प्रवेश सिंह वर्मा ने जीत हासिल की।

आतिशी की जीत, मनीष सिसोदिया हारे

दिल्ली में आप के बड़े नेताओं की हार की खबरों के बीच मुख्यमंत्री आतिशी के लिए अच्छी खबर है। वे दक्षिणी दिल्ली की कालकाजी सीट पर जीत हासिल करने में कामयाब रही हैं। आतिशी यहां से 2020 में भी विजयी रही थीं। आतिशी का मुकाबला इस सीट पर भाजपा के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से था। 

दूसरी ओर दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) में नंबर दो माने वाले मनीष सिसोदिया को जंगपुरा विधानसभा सीट पर हार मिली है। सिसोदिया को करीब वोट से हार का सामना करना पड़ा है।

इस चुनाव से पहले वे लगातार तीन बार पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे और जीत हासिल करने में कामयाब रहे थे। सिसोदिया को भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह से हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के फरहद सूरी तीसरे स्थान पर रहे।

राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से 'आप' के दुर्गेश पाठक को हार का सामना करना पड़ा है और भाजपा के उमंग बजाज ने जीत हासिल की है। कोंडली विधानसभा सीट से 'आप' उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने जीत हासिल की है। कस्तूरबा नगर विधानसभा से भाजपा नेता नीरज बसोया को जीत हासिल की है। इसके अलावा, 'आप' के उम्मीदवार सोमनाथ भारती को मालवीय नगर से हार का मुंह देखना पड़ा।