नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस की एक टीम पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिल्ली स्थित आवास कपूरथला हाउस पर छापेमारी करने पहुंची। हालाँकि, दिल्ली पुलिस ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

दूसरी ओर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने एक्स पर अपने एक पोस्ट के जरिए आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर भाजपा के कथित कदाचार को नजरअंदाज करते हुए एक निर्वाचित मुख्यमंत्री को गलत तरीके से निशाना बनाने का आरोप लगाया।

आतिशी ने एक्स पर लिखा, 'दिल्ली पुलिस भगवंत मान जी के दिल्ली के घर पर रेड करने पहुंच गई है। भाजपा वाले दिन दहाड़े पैसे, जूते, चादर बांट रहे हैं, वो नहीं दिखता बल्कि एक चुने हुए मुख्यमंत्री के निवास पर रेड करने पहुंच जाते हैं। वाह री भाजपा! दिल्ली वाले 5 तारीख को जवाब देंगे।'

आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी दिल्ली पुलिस और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'मुझे यह समझ में नहीं आता कि भाजपा नेता नकदी और अन्य सामान बांट रहे हैं, लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री पर छापेमारी की जा रही है।' इस दौरान केजरीवाल के साथ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी थे।

दिल्ली पुलिस का छापा? भगवंत मान ने क्या कहा

पंजाब के मुख्यमंत्री और आप नेता भगवंत मान ने एक्स पर कहा, 'आज दिल्ली पुलिस के साथ चुनाव आयोग की टीम दिल्ली में मेरे घर कपूरथला हाउस रेड करने पहुंची है। दिल्ली के अंदर भाजपा वाले खुले आम पैसे बांट रहे हैं पर दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग को कुछ नहीं दिख रहा है। इस सब पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। एक तरीके से दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर पंजाबियों को बदनाम कर रही है, जो बहुत ही निंदनीय है।'

भगवंत मान ने दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रवेश वर्मा खुले तौर पर स्वीकार करते हैं कि वह पैसे बांट रहे हैं लेकिन अधिकारी हमेशा उनके और पार्टी प्रमुख केजरीवाल के खिलाफ छापेमारी करते हैं। 

मान ने कुछ भी गलत करने से इनकार करते हुए कहा कि वे राजनीति में अपने कृत्यों को छिपाने के लिए नहीं बल्कि उनके (भाजपा नेताओं) जैसे लोगों के खिलाफ लड़ने के लिए शामिल हुए हैं। मान ने कहा, 'हम अपने-अपने पेशे में अच्छा कर रहे थे, अगर उन्होंने अच्छा काम किया तो हमें राजनीति में शामिल होने की जरूरत क्यों महसूस होती।'

दिल्ली पुलिस ने छापेमारी के दावों से इनकार किया

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के एक अनुसार दिल्ली पुलिस ने साफ किया कि भगवंत मान के घर पर कोई छापेमारी नहीं की गई। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर (डीएम, नई दिल्ली) के नेतृत्व में एक टीम सी-विजिल पोर्टल के माध्यम से प्राप्त एक शिकायत की जांच करने के लिए कपूरथला हाउस पहुंची थी।

दरअसल, सी-विजिल पोर्टल लोगों को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायतें दर्ज करने की अनुमति देता है। नियमों के अनुसार इन शिकायतों को गंभीरता से देखा जाता है 100 घंटों के भीतर मामले को हल किया जाता है।

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'हम केवल डीएम, नई दिल्ली की सहायता के लिए मौजूद थे, जो क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर भी हैं। यह दौरा एक शिकायत के जवाब में था और दिल्ली पुलिस द्वारा कोई छापेमारी नहीं की गई थी।'

'परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया'

इस बीच नई दिल्ली के डीएम ने कहा कि मतदान अधिकारियों और दिल्ली पुलिस की एक टीम कपूरथला हाउस पहुंची थी। पुलिस के अनुसार नकदी के कथित वितरण के संबंध में एक शिकायत के जवाब में यह कदम उठाया गया था।

नई दिल्ली के डीएम ने कहा, 'हालांकि, शिकायत को सत्यापित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों द्वारा पुलिस टीम को परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई।'

बता दें कि भगवंत मान 5 फरवरी को होने वाले 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए राजधानी में मौजूद हैं। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित होने वाले हैं।

यह भी पढ़ें- यमुना नदी में जहर के आरोपों पर केजरीवाल की बढ़ेगी मुश्किल! चुनाव आयोग ने मांगा सबूत