Table of Contents
बेलगावी: महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने की 100वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक के बेलगावी (पुराना नाम बेलगाम) में कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक आयोजित की है। कांग्रेस के नेताओं के स्वागत के लिए कई होर्डिंग और पोस्टर भी शहर में लगाए गए हैं। हालांकि, इसे लेकर विवाद छिड़ गया है। इन होर्डिंग में भारत का अधूरा नक्शा दिखाया गया है।
भाजपा ने हमला बोलते हुए इसे 'शर्मनाक' बताया है। साथ ही भाजपा ने कांग्रेस पर देश को अस्थिर करने के लिए अमेरिकी निवेशक जॉर्ज सोरोस के साथ हाथ मिलाने का आरोप भी दोहराया। भाजपा ने भारत के अधूरे नक्शे वाले बैनरों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। इसमें जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों को गायब दिखाया गया है। अक्साई चीन का क्षेत्र भी नक्शे से गायब है।
RaGa's Mohabbat ki Dukaan is always open for China!
They would break the nation. They've done it once. They'll do it again. pic.twitter.com/JKXXLEnFxB
— BJP (@BJP4India) December 26, 2024
भाजपा की कर्नाटक इकाई ने इस विवाद पर एक्स पर लिखा, '@INCKarnataka ने अपने बेलगावी कार्यक्रम में एक विकृत मानचित्र प्रदर्शित करके और कश्मीर को पाकिस्तान के हिस्से के रूप में चित्रित करके भारत की संप्रभुता के प्रति घोर अनादर दिखाया है। यह सब सिर्फ अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए है। यह शर्मनाक है!'
भाजपा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से ऐसे बैनर हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश देने की भी मांग की।
भाजपा की ओर से एक और पोस्ट में लिखा गया, 'यह वास्तव में देशद्रोह है। बेलगाम में लगाए गए बैनर इस बात का सबूत हैं कि कांग्रेस 'व्यक्तिगत स्वार्थ और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए किसी भी हद तक गंदा काम करने के लिए 'तैयार' है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया तुरंत इन विवादास्पद बैनरों को हटाएं और भारत के मानचित्र को विकृत करने वाले गद्दारों के खिलाफ कार्रवाई करें।'
कांग्रेस ने आरोपों पर क्या कहा?
कांग्रेस की ओर से फिलहाल किसी बड़े नेता की ओर से इस पर कोई बयान नहीं आया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा यह जरूर कहा गया कि ये पार्टी की ओर से लगाया गया आधिकारिक होर्डिंग नहीं है।
कांग्रेस कार्य समिति महात्मा गांधी द्वारा पार्टी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के 100 साल पूरे होने के अवसर पर कर्नाटक के बेलगावी में विशेष बैठक आयोजित कर रही। बैठक उसी स्थान पर हो रही जहां गांधी ने कांग्रेस की अध्यक्षता संभाली थी। सीडब्ल्यूसी की बैठक में अगले वर्ष के लिए कांग्रेस की कार्य योजना और कार्यक्रम पर भी चर्चा होगी।