कांग्रेस ने मनमोहन सिंह के लिए स्मारक स्थल की मांग की, मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को नई दिल्ली के निगमबोध घाट सुबह 11ः45 बजे पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम यात्रा कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होगी।

एडिट
Manmohan Singh Funeral, manmohan singh death, Congress wants memorial space for Manmohan Singh, Congress requested pm narendra modi, मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने के लिए पीएम मोदी से कांग्रेस ने किया आग्रह, मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा, अंतिम संस्कार,

मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और उनके स्मारक के लिए उपयुक्त स्थान आवंटित करने का आग्रह किया है। खड़गे ने कहा कि मनमोहन सिंह के कद और उनके योगदान को देखते हुए उनका अंतिम संस्कार ऐसी जगह पर किया जाए, जहां उनका स्मारक बनाया जा सके।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने परंपरा को बनाए रखने की अपील की

खड़गे ने पत्र में उल्लेख किया कि यह कदम देश के पूर्व प्रधानमंत्रियों और प्रमुख नेताओं की स्मृति में स्मारक बनाने की परंपरा को बनाए रखने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह देशवासियों के दिलों में एक विशिष्ट स्थान रखते हैं और उनका योगदान भारतीय राजनीति और विकास में अद्वितीय है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि रिजर्व बैंक के गवर्नर, भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार, वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री जैसे विभिन्न पदों पर रहते हुए मनमोहन सिंह ने देश की आर्थिक नीति पर गहरी छाप छोड़ी। उनके कार्यकाल में वैश्विक आर्थिक मंदी के समय भारत को सुरक्षित रखना उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक है।

खड़गे ने कहा, "90 के दशक में जब देश गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था, तब वित्त मंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने देश को न केवल उबारा, बल्कि आर्थिक समृद्धि और स्थिरता की नींव रखी। आज भी देश उनकी मजबूत नीतियों का लाभ उठा रहा है। उनका अनुभव, विनम्रता और दूरदृष्टि उन्हें एक विश्व नेता के रूप में स्थापित करते हैं।"

पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष ने बराक ओबामा का दिया संदर्भ

खड़गे ने पत्र में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के एक बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "बराक ओबामा ने कहा था कि जब भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बोलते हैं, तो पूरी दुनिया सुनती है। यह उनके वैश्विक कद और सम्मान का प्रमाण है।" पत्र के आखि‍र में कांग्रेस अध्‍यक्ष ने ल‍िखा क‍ि आशा ही नहीं, व‍िश्‍वास भी है क‍ि सरदार मनमोहन स‍िंह के कद को देखते हुए सरकार उनके स्‍मारक के ल‍िए उचि‍त स्‍थान आवंट‍ित करेगी।

मनमोहन सिंह का राजकीय सम्मान के साथ निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार

मनमोहन सिंह ने गुरुवार 92 वर्ष की उम्र में दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। डॉ. सिंह के निधन पर केंद्र सरकार ने 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि उनका अंतिम संस्कार 28 दिसंबर 2024 को सुबह 11.45 बजे राजकीय सम्मान के साथ होगा। अंतिम यात्रा कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें अर्थव्यवस्था के वास्तुकार और एक सच्चे राजनेता के रूप में याद किया। वहीं, कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) ने उन्हें देश की नियति को आकार देने वाला एक महान नेता बताया। डॉ. मनमोहन सिंह का कार्यकाल आर्थिक विकास, सामाजिक कल्याण योजनाओं, और देश के बुनियादी ढांचे के सुधार के लिए जाना जाएगा। उनके निधन से देश ने एक महान अर्थशास्त्री और दूरदर्शी नेता को खो दिया है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article