कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम योगी, राहुल को बताया "नमूना"

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एएनआई को दिए इंटरव्यू में कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान का उदाहरण दिया।

cm yogi slams congress and rahul gandhi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। Photograph: (IANS)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी धर्मों के लोग सुरक्षित हैं। इसके साथ ही योगी ने कहा कि अगर हिंदू सुरक्षित तो मुसलमान भी सुरक्षित हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ एक इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह एक "योगी" हैं और सभी के खुश रहने की कामना करते हैं। इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ ने हिंदुओं की सहिष्णुता पर भी प्रकाश डाला। इस दौरान योगी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।

100 हिंदू परिवारों के बीच सुरक्षित है मुस्लिम परिवार

योगी ने कहा " एक मुस्लिम परिवार 100 हिंदू परिवारों के बीच सबसे सुरक्षित है। उन्हें सभी धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने की स्वतंत्रता होगी। लेकिन क्या 100 मुस्लिम परिवारों के बीच 50 हिंदू सुरक्षित रह सकते हैं? नहीं। बांग्लादेश एक उदाहरण है। इससे पहले पाकिस्तान उदाहरण था। अफगानिस्तान में क्या हुआ? अगर धुआं हो या कोई व्यक्ति टकरा रहा हो तो हमें सावधान हो जाना चाहिए, इससे पहले कि हम भी टकराएं। इस बात का ध्यान रखना जरूरी है।"

सीएम योगी ने कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में आई है तब से कोई सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा "उत्तर प्रदेश में मुस्लिम सबसे सुरक्षित हैं। यदि हिंदू सुरक्षित हैं तो वे भी सुरक्षित हैं। यदि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में दंगे होते थे, यदि हिंदुओं की दुकानें जल रही थी तो मुस्लिम की दुकानें भी जल रही थीं। अगर हिंदुओं के घर जल रहे थे तो मुस्लिम के घर भी जल रहे थे। और 2017 के बाद दंगे बंद हो गए।"

योगी ने कहा " मैं एक साधारण नागरिक हूं, उत्तर प्रदेश का नागरिक हूं। मैं एक योगी हूं जो सबकी खुशी की कामना करता हूं। मैं सबका साथ और सबका विकास में विश्वास करता हूं।" इसके साथ ही योगी ने कहा कि सनातन धर्म दुनिया का सबसे पुराना धर्म है। इसके साथ ही योगी ने इस बात पर भी जोर दिया कि विश्व इतिहास में हिंदू शासकों द्वारा दूसरों पर प्रभुत्व स्थापित करने का कोई उदाहरण नहीं है। 

राहुल गांधी पर साधा निशाना

इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। योगी ने कहा कि राहुल गांधी जैसे "नमूने" भाजपा को लाभ पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का देशभर में चलाया गया भारत जोड़ो अभियान में "भारत तोड़ो अभियान" था। योगी ने कहा "वह भारत के बाहर भारत की आलोचना करते हैं। देश उनका व्यवहार और नियत समझ गया है। यह भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है कि राहुल गांधी जैसे नमूने बचे रहें ताकि रास्ता हमेशा साफ रहे।"


इसके साथ ही योगी ने कई और मुद्दों पर कांग्रेस पर निशाना साधा। योगी ने कहा कि कांग्रेस चाहती थी कि अयोध्या विवाद बना रहे। उन्होंने पूछा "कांग्रेस ने तीन तलाक खत्म क्यों नहीं किया? कांग्रेस ने कुंभ को इतने गौरव और दिव्यता के साथ क्यों नहीं प्रचारित किया? कांग्रेस देश में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने में विफल क्यों रही?"

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिंदू धर्म के महत्वपूर्ण स्थल भारत की विरासत के प्रतीक हैं। योगी ने कहा " जो भी हो, हम उसे खोज लेंगे। हम दुनिया को दिखाएंगे। जिन्हें भगवान ने आंखें दी हैं, उन्हें देखना चाहिए। संभल में क्या हुआ? संभल सच है। " संभल कानूनी लड़ाई के केंद्र में है क्योंकि याचिकाकर्ताओं के एक समूह ने दावा किया कि शाही जामा मस्जिद एक प्राचीन मंदिर के खंडहर पर बनी है। 

योगी ने कहा "इस्लाम कहता है कि हिंदू मंदिरों को नष्ट करके बनाए गए पूजा स्थल ईश्वर को स्वीकार नहीं है। फिर उन्हें क्यों बनाया गया?" इसके साथ ही योगी ने कहा कि सरकार मंदिरों को पुनर्जीवित करना जारी रखेगी क्योंकि और सबूत मिलेंगे। उन्होंने कहा "वैज्ञानिक सबूत मौजूद हैं। हम दिखा रहे हैं कि वे कहां हैं और हम एक-एक करके उन्हें संबोधित करेंगे।"

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article