बेंगलुरुः कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को भारी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। सीएम सिद्धारमैया के आर्थिक सलाहकार बसवराज रायरेड्डी ने बीते मंगलवार को जिला स्तरीय बैठक में राज्य को भ्रष्टाचार में नंबर एक बताया था। हालांकि सियासी हंगामा बढ़ने के बाद उन्होंने इस बयान पर सफाई भी दी।
कोप्पल में आयोजित एक बैठक में रायरेड्डी ने कथित तौर पर कहा कि सत्ता में चाहे जो हो, व्यापक भ्रष्टाचार होगा। इसी दौरान रायरेड्डी ने कहा कि कर्नाटक राज्य भ्रष्टाचार में नंबर एक है।
भाजपा ने किया हमला
सीएम के सलाहकार के इस बयान के बाद भाजपा कांग्रेस पर हमलावर नजर आई। भाजपा के राज्य प्रमुख बीवाई विजयेंद्र ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा "आदरणीय मुख्यमंत्री, आपके आर्थिक सलाहकार और विधायक बसवराज रायरेड्डी ने खुले तौर पर खुलासा किया है कि भ्रष्टाचार और लूट कर्नाटक सरकार का अभिन्न हिस्सा है...आपके प्रशासन के अंतर्गत कर्नाटक राष्ट्रीय स्तर पर भ्रष्टाचार का पर्याय बन गया है।"
ऐसे में इस नुकसान की भरपाई के लिए बुधवार को रेड्डी ने कहा कि उनकी टिप्पणी को मीडिया द्वारा "गलत तरीके" से पेश किया गया था। बुधवार को दिए बयान में रायरेड्डी ने कहा कि उन्होंने यह नहीं कहा था कि कर्नाटक भ्रष्टाचार में नंबर-वन है। सीएम के सलाहकार ने दावा किया कि उन्होंने सार्वजनिक कार्यों में खराब गुणवत्ता के बारे में कहा था जो उनकी और पिछली सरकारों के दौरान हुईं।
उन्होंने कहा "मैंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कल्याण कर्नाटक में सरकारी परियोजनाओं की गुणवत्ता में कमी है।"
रायरेड्डी ने किया बचाव
एक बयान में रायरेड्डी ने स्पष्ट किया कि जो इमारतें पिछले पांच-छह दशक से इस्तेमाल हो रही हैं। अब पिछले दस सालों में खराब गुणवत्ता के चलते गिर रही हैं। रायरेड्डी ने कहा मैंने पूछा ऐसा कैसे है क्षेत्रीय असंतुलन को संबोधित किया जा सकता है। उन्होंने कहा इसलिए मैंने सुझाव दिया था कि उच्च गुणवत्ता के कार्य को सुनिश्चित करें।
उन्होंने आगे कहा "काम की खराब गुणवत्ता के कारण राज्य पर भ्रष्टाचार का दाग लगा है। मैंने मौजूदा सरकार या पिछली सरकार पर कोई आरोप नहीं लगाया है। यह बयान नया नहीं है; मैंने इसे सदन के साथ-साथ मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान भी कहा था। सिद्धारमैया कर्नाटक को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" हालांकि रायरेड्डी ने यह स्वीकार किया कि मौजूदा प्रशासन में भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा "भ्रष्टाचार एक वैश्विक घटना है। यह दुनिया में हर जगह है।"