नई दिल्ली: चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार को आने वाले हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती हो रही है। गुजरात की दो सीटों - विसावदर और कडी विधानसभा सीटों, पंजाब में लुधियाना पश्चिम, बंगाल में कालीगंज और केरल में नीलांबुर सीट पर 19 जून को उपचुनाव हुए थे।
केरल की नीलांबुर सीट पर उपचुनाव में 75.27 प्रतिशत वोट पड़े थे। पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर 73.36 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। वहीं, गुजरात की विसावदर सीट पर 56.89 प्रतिशत और कडी सीट पर 57.91 प्रतिशत मतदान हुआ था। पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर 51.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
By-Elections Results 2025: किस सीट पर कौन आगे?
सुबह 11.15 बजे तक आई जानकारी के अनुसार पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा 2500 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। चौथे दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस के भारत भूषण आशु और भाजपा के जीवन गुप्ता क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार गुजरात की दोनों सीटों पर भाजपा को बढ़त मिली हुई है। विसावदर सीट पर भाजपा के किरित पटेल 900 से ज्यादा वोट से आगे हैं। दूसरे स्थान पर आम आदमी पार्टी के इतालिया गोपाल और तीसरे स्थान पर कांग्रेस के नितिन रानपरिया हैं।
गुजरात की ही कडी सीट पर भाजपा के राजेंद्रकुमार दानेश्वर छावड़ा 14 हजार से ज्यादा वोटों से आगे हैं। यहां कांग्रेस के रमेशभाई छावड़ा दूसरे और 'आप' के जगदीशभाई गणपतभाई छावड़ा तीसरे स्थान पर हैं।
केरल के नीलांबुर सीट पर कांग्रेस के अर्यादन शौकाथ सात हजार से ज्यादा वोटों से सीपीआई (एम) के एम स्वराज से आगे चल रहे हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के कालीगंज सीट पर तृणमूल कांग्रेस की अलिफा अहमद भाजपा के आशीष घोष से 16 हजार से ज्यादा मतों से आगे हैं। कांग्रेस के काबिलउद्दीन शेख तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
क्यों कराए गए थे उपचुनाव?
गुजरात की कडी सीट विधायक करसन सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई, जबकि विसावदर में आप विधायक भूपेंद्र भयानी ने इस्तीफा दिया था। केरल की नीलांबुर विधानसभा सीट विधायक पीवी अनवर के इस्तीफे के बाद खाली हुई।
पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट से विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का निधन हुआ था, जिससे उपचुनाव की स्थिति बनी। इसी तरह कालीगंज सीट विधायक नसरुद्दीन अहमद के निधन के बाद खाली हुई थी।
सभी 5 विधानसभा चुनावों पर उपचुनावों को लेकर 26 मई को अधिसूचना जारी हुई थी। इसके बाद 2 जून तक नॉमिनेशन दाखिल करने की प्रक्रिया चली। उम्मीदवारों के लिए नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 5 जून थी।