Photograph: (IANS)
नई दिल्ली: चार राज्यों में पांच विधासभा सीटों पर पिछले हफ्ते हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। गुजरात में दो सीटों पर उपचुनाव हुए थे, जिसमें एक पर आम आदमी पार्टी (आप) और दूसरी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत हासिल की है। वहीं, पंजाब के लुधियाना वेस्ट सीट पर भी 'आप' की झाड़ू चली है। दूसरी ओर केरल के नीलांबुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी है।
देश के चार राज्यों में पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 19 जून को कराए गए थे। इसमें गुजरात की दो सीटों - विसावदर और कडी, पंजाब में लुधियाना पश्चिम, बंगाल में कालीगंज और केरल में नीलांबुर सीट शामिल है। मतों की गिनती सोमवार (23 जून) सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई थी।
Gujrat By-Elections Results: भाजपा और आप की जीत
चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार गुजरात के कडी में भाजपा के राजेंद्रकुमार दनेश्वर छावड़ा ने बाजी मारी है। उन्होंने 39 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के रामेशभाई छावड़ा को हराया। राजेंद्रकुमार छावड़ा को 99742 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार को 60290 वोट मिले। इस सीट पर 'आप' के जगदीशभाई गणपत भाई छावड़ा को 3090 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे।
गुजरात के ही एक अन्य विधानसभा सीट विसवादर पर आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। आप उम्मीदवार इटालिया गोपाल ने अपने भाजपा के किरीट पटेल को 17554 वोटों से हराया। गोपाल को 75942 वोट मिले वहीं, भाजपा उम्मीदवार को 58388 वोट मिले। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के नितिन रानपरिया रहे, जिन्हें 5,501 मत मिले।
उपचुनाव के नतीजों पर गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल का बयान आया है। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'कडी की जीत जनता की जीत है। कडी और विसवादर के लोगों का जनादेश स्वीकार्य है। भले ही छोटे या बड़े दुष्प्रचार के कारण जनादेश अलग हो, हम उसे स्वीकार करेंगे। विसवादर की हार का विश्लेषण करेंगे। भाजपा विसवादार में फिर से बीज बोने की कोशिश करेगी।'
दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवार गोपाल इटालिया की जीत को गुजरात के राजनीतिक इतिहास का नया अध्याय बताया। 'आप' नेता प्रकाश ने कहा कि गोपाल इटालिया ने उपचुनाव में जीत दर्ज की है, जो गुजरात की राजनीति में नया अध्याय है। 2022 के चुनाव में भी यहां आप उम्मीदवार रहे भूपेंद्र भयानी की जीत हुई थी।
By-Elections Results: लुधियाना वेस्ट, नीलांबुर और कालीगंज
पंजाब के लुधियाना वेस्ट से आप के संजीव अरोड़ जीत हासिल करने में कामयाब रहे। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार भरत भूषण आशू को 10637 वोटों के अंतर से हराया। संजीव अरोड़ा को 35179 वोट जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 24542 वोट मिले। तीसरे स्थान पर भाजपा के जीवन गुप्ता रहे। उन्हें 20323 वोट मिले।
इसके अलावा केरल के नीलांबुर सीट कांग्रेस के खाते में गई है। यहां से आर्यदान शौकत को जीत मिली। उन्होंने सीपीआई (एम) के एम स्वराज को 11077 वोटों से हराया। शौकत को 77737 वोट मिले। वहीं स्वराज को 66660 वोट मिले।
दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के कालीगंज में तृणमूल कांग्रेस अलीफा अहमद की जीत हुई। उन्होंने 50049 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। तृणमूल उम्मीदवार को 102759 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के आशीष घोष रहे।
पांच सीटों पर क्यों हुए थे उपचुनाव
गुजरात की कडी सीट विधायक करसन सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई, जबकि विसावदर में आप विधायक भूपेंद्र भयानी ने इस्तीफा दिया था। केरल की नीलांबुर विधानसभा सीट विधायक पीवी अनवर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। वहीं, पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट से विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का निधन हुआ था, जिससे उपचुनाव की स्थिति बनी। इसी तरह कालीगंज सीट विधायक नसरुद्दीन अहमद के निधन के बाद खाली हुई थी।
केरल की नीलांबुर सीट पर उपचुनाव में 75.27 प्रतिशत वोट पड़े थे। पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर 73.36 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। वहीं, गुजरात की विसावदर सीट पर 56.89 प्रतिशत और कडी सीट पर 57.91 प्रतिशत मतदान हुआ था। पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर 51.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।