ब्रिटेन का F-35 विमान सात दिनों से भारत में क्यों फंसा हुआ है? रक्षा सूत्रों ने क्या बताया?

तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 14 जून को इमरजेंसी लैंडिंग के बाद से ब्रिटेन का F-35 विमान फंसा हुआ है। रक्षा अधिकारियों के मुताबिक, हाइड्रोलिक में खराबी के चलते विमान वापस नहीं जा पाया है।

britain f 35 aircraft stranded in india for seven days what did defense officials said

हाइड्रोलिक में खराबी के चलते अभी भी केरल में रुका है ब्रिटेन का विमान Photograph: (आईएएनएस)

नई दिल्लीः ब्रिटेन का लड़ाकू विमान F-35 बीते सात दिनों से भारत में खड़ा है। ब्रिटेन की नौसेना के इस जहाज की 14 जून को केरल के तिरुवनंतपुरम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। तब से यह विमान यहीं पर खड़ा है। ऐसे में सवाल उठता है कि विमान इतने दिनों से भारत में क्यों खड़ा है?  

हिंद महासागर के ऊपर उड़ते हुए ईंधन की कमी के चलते विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। भारतीय वायु सेना द्वारा विमान को ईंधन समेत जरूरी सुविधाएं प्रदान की गईं थीं। हालांकि, उड़ान भरते समय इसमें हाइड्रोलिक खराबी आ गई और विमान उड़ान नहीं भर पाया।

विमान की लैंडिंग के बाद ब्रिटेन नौसेना की टीम ने विमान में आई खराबी को ठीक करने का प्रयास किया लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली। 

रक्षा अधिकारियों ने क्या कहा?

इस बाबत रक्षा अधिकारियों ने एक बयान जारी किया है जिसमें लिखा है "कुछ दिनों पहले ब्रिटेन की नौसेना के लड़ाकू विमान F-35 की ईंधन की कमी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी इसके बाद भारतीय वायु सेना ने ईंधन भरने समेत सभी जरूरी सुविधा मुहैया कराई थी। हालांकि, जब विमान वापस जा रहा था तो इसमें हाइड्रोलिक खराबी आ गई और यह वापस नहीं जा सका। ब्रिटेन नौसेना की एक रखरखाव की टीम आई थी और समस्या को ठीक करने की कोशिश की, हालांकि सफल नहीं हो सकी।"

अधिकारियों ने आगे कहा "विमान को वापस लाने के लिए एक बड़ी टीम आने की उम्मीद है। यदि जरूरत पड़ी तो विमान को सैन्य परिवहन विमान में भी ले जाया जा सकता है।"

विमान की भारत में लैंडिंग के बाद भारतीय वायु सेना ने एक बयान जारी कर कहा था "F-35 द्वारा मार्ग परिवर्तन की घटना सामान्य है। भारतीय वायु सेना को पूरी जानकारी थी और उड़ान सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने में मदद की। सभी तरह की सहायता दी जा रही है और वायुसेना सभी एजेंसियों के साथ समन्वय में है।"

पांचवी पीढ़ी का विमान 

एफ-35 पांचवी पीढ़ी का विमान है। भारत में जिस विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है, वह F-35B वेरिएंट है। इसे विशेष तौर पर शॉर्ट टेक ऑफ और वर्टिकल लैंडिंग (STOVL) के लिए बनाया गया है। यह विमान आज की पीढ़ी का सबसे उन्नत विमान माना जाता है जो बहुउद्देश्यीय काम करता है। विमान अपनी स्टेल्थ क्षमताओं के साथ-साथ इलेक्ट्रानिक युद्ध प्रणाली और डेटा शेयरिंग बुनियादी ढांचा के लिए जाना जाता है। 

इसे अमेरिकी रक्षा ठेकेदार लॉकहीड मार्टीन द्वारा संचालित किया जाता है। 

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article