मुंबई: भारतीय नौसेना के स्पीडबोट की नौका से टक्कर, नेवी के अफसर समेत 13 की मौत (फोटो- IANS)
Table of Contents
मुंबई: भारतीय नौसेना की एक स्पीडबोट का नियंत्रण खो जाने से 13 लोगों की मौत हो गई। यह घटना मुंबई के तट के पास नील कमल नामक यात्री नौका से टकराने पर हुई। नौसेना के अनुसार, इस दुर्घटना में एक नौसेना अधिकारी और दो कर्मचारी मारे गए। नील कमल में 110 यात्री थे, जो गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा द्वीप जा रहे थे।
नौसेना की स्पीडबोट में पांच लोग सवार थे। नौका पर सवार दस यात्रियों की मौत हो गई, जबकि नौसेना की स्पीडबोट से बचे दो लोगों समेत बाकी 102 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। यह हादसा शाम करीब चार बजे मुंबई के कारंजा के पास हुआ। इंजन में खराबी के चलते यह हादसा हुआ है।
इससे पहले नौका के डूबने की जानकारी मिली थी, लेकिन तब कारण का पता नहीं चल पाया था। घटना को लेकर कोलाबा पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बचाव अभियान में नौसेना की 11 नावें, समुद्री पुलिस की तीन नावें और एक तटरक्षक नाव शामिल थी।
खोज और बचाव के लिए चार हेलीकॉप्टर भी लगाए गए थे। इसके अलावा, पुलिस, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के कर्मचारी और स्थानीय मछुआरे भी इस अभियान में शामिल हुए।
भारतीय नौसेना स्पीडबोट हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
हादसे पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मुंबई में हुई नाव दुर्घटना दुःखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों की जल्दी ठीक होने का प्रार्थना करता हूं।"
प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीड़ितों के परिवारों के लिए दो लाख रुपए और घायलों के लिए 50 हजार की सहायता की घोषणा की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।
देवेन्द्र फड़नवीस ने क्या कहा
देवेन्द्र फड़नवीस ने कहा, "हमें एलिफेंटा जा रही नीलकमल नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की रिपोर्ट मिली है। नौसेना, तटरक्षक, बंदरगाह, पुलिस टीमों की नौकाओं को तुरंत सहायता के लिए भेजा गया है।"
सीएम ने आगे कहा, "हम जिला एवं पुलिस प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं, सौभाग्य से अधिकांश नागरिकों को बचा लिया गया है। हालांकि, बचाव कार्य अभी भी जारी है। जिला प्रशासन को बचाव कार्यों के लिए उन सभी प्रणालियों को तैनात करने के आदेश दिए गए हैं।"
बता दें कि गेटवे ऑफ इंडिया के पास स्थित एलीफेंटा गुफाओं की यात्रा के लिए लोग अक्सर इस तरह की नौकाओं का इस्तेमाल करते हैं। घटना की वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि स्पीडबोट धीरे-धीरे पानी में डूब रही है। लोगों को लाइफ जैकेट पहनाकर दूसरी नावों में शिफ्ट किया जा रहा है।