नई दिल्लीः आतंकवाद के पनाहगार पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बाद बुधवार को देशव्यापी मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों के बड़े शहरों में ब्लैकआउट देखने को मिला।
पाकिस्तान से युद्ध की आशंकाओं के बीच बुधवार को देशव्यापी मॉक ड्रिल देखने को मिला। ‘ऑपरेशन अभ्यास’ के तहत शाम चार बजे से शुरू हुए इस अभ्यास में हवाई हमलों, ब्लैकआउट और निकासी जैसी आपातकालीन घटनाओं के दौरान प्रतिक्रिया का आकलन किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉक ड्रिल के बीच नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन और इंडिया गेट की लाइटें बंद कर दी गईं।
#WATCH दिल्ली: मॉक ड्रिल के तहत ब्लैकआउट के बाद दिल्ली के विजय चौक पर धीरे-धीरे लाइटें जलाई गईं। pic.twitter.com/JTy2x0QspY
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 7, 2025
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी इस अभ्यास का असर देखने को मिला। चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से 10 मिनट का ब्लैकआउट किया गया। 7:30 से 7:40 तक हुए ब्लैकआउट के दौरान पंजाब-हरियाणा सचिवालय, पंजाब-हरियाणा विधानसभा और पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट समेत शहर की तमाम इमारतों और घरों की लाइटें बंद नजर आईं। इस दौरान लोगों का पूरा समर्थन मिला।
हरियाणा के हिसार में भी लोगों ने मॉक ड्रिल के दौरान प्रशासन को पूरा सहयोग दिया। प्रशासन की अपील के बाद हिसार की जनता ने अपने घरों की लाइटें बंद कीं।
राजस्थान में अजमेर सहित कई बड़े शहरों पर मॉक ड्रिल का सफल अभ्यास किया गया। सरकार के आदेशानुसार, अजमेर में सायरन बजते ही ब्लैकआउट हुआ। शहर में 7:30 से 7:45 तक इसका असर दिखा। वाहनों, घरों, सड़कों की लाइटें बंद रहीं।
#WATCH जयपुर (राजस्थान): सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के दौरान जयपुर में ब्लैकआउट किया गया। pic.twitter.com/oSo3nDqU0Z
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 7, 2025
#WATCH राजस्थान: गृह मंत्रालय द्वारा आदेशित मॉक ड्रिल के तहत बाड़मेर में ब्लैकआउट किया गया। pic.twitter.com/aR7pwbdnMX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 7, 2025
उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में भी मॉक ड्रिल का सफल आयोजन हुआ। अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर भी ब्लैकआउट किया गया।
वहीं, बस्ती में लोगों ने अपने घरों की लाइटें बंद करके ब्लैकआउट में प्रशासन का सहयोग दिया। गांधी नगर क्षेत्र में भी यह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मौके पर सेना और एनसीसी के बच्चे भी मौजूद थे। ब्लैकआउट के लिए जिलाधिकारी रविश गुप्ता और एसपी प्रतिपाल सिंह चौहान ने लोगों से सहयोग की अपील की थी।
यूपी के कई शहरों में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल
उत्तर प्रदेश के मेरठ, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, बरेली, बुलंदशहर, संभल सहित 15 जिलों में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ। इन राज्यों के अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल का अभ्यास किया गया।
#WATCH लखनऊ: सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के दौरान लखनऊ में ब्लैकआउट किया गया। वीडियो उत्तर प्रदेश विधानसभा से है। pic.twitter.com/o2vhRggDmx
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 7, 2025
उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की आशंका को देखते हुए भारत ने अपनी तैयारियों को और मजबूत करने के लिए व्यापक कदम उठाए। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर देश के कई राज्यों में बुधवार को मॉक ड्रिल का सफल आयोजन हुआ। इस अभ्यास का उद्देश्य हवाई हमले, ड्रोन अटैक, मिसाइल हमले जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए नागरिकों को जागरूक करना और प्रशासन की तत्परता को परखना है।