Delhi MCD Mayor Election: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की 'ट्रिपल इंजन' सरकार बन गई है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में भाजपा के उम्मीदवार राजा इकबाल शुक्रवार को नए मेयर चुने गए। भाजपा के ही जयभगवान यादव डिप्टी मेयर चुने गए हैं। मेयर चुनाव में भाजपा के राजा इकबाल को 133 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मनदीप को मात्र आठ वोट प्राप्त हुए। आम आदमी पार्टी ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। मेयर चुनाव में 142 सदस्यों ने मतदान किया।
राजा इकबाल के मेयर बनने के साथ ही अब दिल्ली में भाजपा की 'ट्रिपल इंजन' सरकार काबिज हो गई है। केंद्र और विधानसभा में पहले से भाजपा की सरकारें हैं। अब मेयर की सीट पर भी भाजपा का कब्जा हो गया है। भाजपा ने 2024 लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत हासिल की थी। इस साल फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में भी उसने पूर्ण बहुमत हासिल कर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार बनाई।
'दिल्ली सफाई मुख्य लक्ष्य'
दिल्ली के नए मेयर राजा इकबाल सिंह ने चुनाव जीतने के बाद कहा, "मेरा मुख्य लक्ष्य दिल्ली की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना, कूड़े के पहाड़ हटाना, जलभराव की समस्या का समाधान करना और दिल्ली के लोगों को सभी बुनियादी और ज़रूरी सुविधाएं मुहैया कराना होगा। हम सब मिलकर पूरी लगन और मेहनत से काम करेंगे।"
हर पांच साल में होते हैं महापौर का चुनाव
दिल्ली में निगम चुनाव हर पांच साल में होते हैं जबकि महापौर का चुनाव हर साल होता है। पिछला महापौर चुनाव नवंबर 2024 में हुआ था, क्योंकि अप्रैल 2024 में उस समय के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के कारण समय पर मंजूरी नहीं मिल पाई थी। इस साल महापौर पद सभी पार्षदों के लिए खुला है, क्योंकि पहले कार्यकाल में महिलाओं और तीसरे कार्यकाल में अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षण लागू होता है। इस बार कोई आरक्षण लागू नहीं है।
VIDEO | Delhi: After winning MCD mayoral polls, BJP leader Raja Iqbal Singh says, "I would like to thank Prime Minister Modi, BJP national president JP Nadda, Union Home Minister Amit Shah, Delhi BJP chief Virendra Sachdeva, and other party leaders. I assure you that I will work… pic.twitter.com/1QNoFepSl7
— Press Trust of India (@PTI_News) April 25, 2025
फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद, आम आदमी पार्टी (आप) के कई पार्षद भाजपा में शामिल हो गए, जिससे भाजपा को आगामी महापौर चुनाव में बढ़त मिल गई है। महापौर चुनाव के लिए निर्वाचन मंडल में 250 पार्षद, सात लोकसभा सांसद, तीन राज्यसभा सांसद और दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष द्वारा नामित 14 विधायक शामिल होते हैं। 10 नामित पार्षद (एल्डरमेन) भी प्रक्रिया में भाग लेते हैं, लेकिन उन्हें मतदान का अधिकार नहीं होता।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने 22 मार्च को एमसीडी के लिए 14 विधायकों को नामित किया, जिनमें 11 भाजपा और तीन आप के विधायक हैं। 2022 के निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 134 सीटें जीतकर भाजपा (104 सीटें) को हराया था। 14 नवंबर, 2024 को हुए महापौर चुनाव में ‘आप’ उम्मीदवार को केवल तीन वोटों के अंतर से जीत मिली थी, जिसमें क्रॉस वोटिंग की भूमिका रही।