'आप ही कृषि मंत्री बने रहेंगे क्या', नीतीश कैबिनेट में तू-तू मैं-मैं; आपस में भिड़े विजय सिन्हा और अशोक चौधरी

करीब एक महीने पहले भी एनडीए विधायकों की बैठक में विजय सिन्हा और अशोक चौधरी के बीच तकरार की खबरें आई थी। बहरहाल, ताजा भिड़ंत 26 अगस्त को कैबिनेट बैठक के ठीक बाद हुई।

vijay sinha ashok chaudhary 11

Photograph: (IANS)

पटना: बिहार में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव है। हालांकि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कैबिनेट के मंत्रियों में ही आपसी खींचतान की खबरें आ रही हैं। ताजा मामला बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और मंत्री अशोक चौधरी से जुड़ा है। सामने आई जानकारी के अनुसार मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के ठीक बाद दोनों में जमकर कहासुनी हुई। आलम ये रहा कि वहां मौजूद दूसरे मंत्रियों को बीच-बचाव करना पड़ा। 

करीब एक महीने पहले भी एनडीए विधायकों की बैठक में इन दोनों के बीच तकरार की खबरें आई थी। बहरहाल, ताजा भिड़ंत 26 अगस्त को कैबिनेट बैठक के ठीक बाद हुई। लाइव हिंदुस्तान की वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार बैठक के ठीक बाद जब सभी मंत्री बाहर निकल रहे थे, उसी दौरान ये भिड़ंत हुई। दोनों में जमकर तू-तू मैं-मैं हुई और जुबानी हमले एक-दूसरे पर किए गए।

विजय सिन्हा और अशोक चौधरी में क्यों हुआ टकराव?

बताया जा रहा है कि पूरा विवाद कृषि विभाग की एक जमीन को लेकर है। भाजपा के विजय कुमार सिन्हा डिप्टी सीएम होने के साथ-साथ कृषि मंत्री भी हैं। वहीं, जदयू के अशोक चौधरी ग्रामीण कार्य मंत्री हैं। असल में जदयू कोटे से अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान अपने विधानसभा क्षेत्र चैनपुर में एक कॉलेज बनवाना चाहते हैं और इसके लिए जमीन भी तलाश रहे हैं। उन्हें इस संबंध में कृषि विभाग की जमीन पसंद आई है। इसके लिए वे अशोक चौधरी पर जमीन ट्रांसफर कराने का दबाव बना रहे हैं।

अशोक चौधरी ने यही बात विजय कुमार सिन्हा से कही और हस्तांतरण का जिक्र किया। इस पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने इनकार करते हुए कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने कृषि विभाग की जमीनों को ट्रांसफर करने पर रोक लगा रखी है। सीएम के आदेश के बिना वे ऐसा नहीं करेंगे। साथ ही विजय कुमार सिन्हा ने ये भी कहा कि जब तक विभाग को उतनी ही जमीन कहीं और से नहीं मिलेगी, तब तक इसे ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है।

इस पर बहस व्यक्तिगत झड़प में बदल गई। विजय कुमार सिन्हा के जवाब से बिफरे अशोक चौधरी ने कथित तौर पर ये तक कहा- 'आप ही हमेशा कृषि मंत्री बने रहेंगे क्या।' इस पर सिन्हा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। हालात बिगड़ते देख दूसरे लोगों ने झगड़े को शांत कराया। फिलहाल आधिकारिक तौर पर इस भिड़ंत को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। इससे पहले 21 जुलाई को बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान एनडीए विधायक दल की बैठक में भी अशोक चौधरी और विजय सिन्हा के एक-दूसरे से टकराव की खबरें आई थी।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article