उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में निर्वाण लड्डू महोत्सव आयोजन के दौरान गंभीर हादसा हो गया जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही 40 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

बागपत में भगवान आदिनाथ पर्व मनाने के दौरान यह हादसा हुआ। आयोजन बागपत की बड़ौत तहसील में हो रहा था। इस दौरान परिसर में लकड़ी का मंच टूटने से यह हादसा हो गया। परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

हालांकि मौके पर एंबुलेंस न मिलने से कई घायलों को ई-रिक्शा पर बैठाकर अस्पताल ले जाया जा रहा है।

कैसे हुआ हादसा ?

यह हादसा उस वक्त हुआ जब लोग धार्मिक समारोह में मंच के ऊपर चढ़ गए। बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि हादसे में पांच लोग मारे गए हैं। उनके मुताबिक, कम से कम 40 लोग घायल हैं। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य जारी है और जल्द से जल्द घायल लोगों तक सहायता पहुंचाई जा रही है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल लोगों को पास के अस्पताल में पहुंचाया। इसके बाद सरकार की तरफ से अधिकारी और अन्य लोगों ने पहुंचकर राहत कार्य किया। बागपत जिले के एसपी अर्पित विजयवर्गीय का कहना है कि कम से कम 25 लोग घायल हैं जिनमें चार लोगों की हालत गंभीर है।

कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम छह पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। धार्मिक समारोह के आयोजन के लिए यह मंच करीब 70 फीट ऊंचा बनाया गया था। ऐसे में इतनी ऊंचाई से यह मंच गिरने के बाद यह गंभीर हादसा हुआ है।