आतिशी बनीं दिल्ली की पहली महिला नेता प्रतिपक्ष

दिल्ली विधानसभा के लिए आतिशी को नेता प्रतिपक्ष चुना गया है। रविवार को हुई विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। आतिशी ने कालकाजी विधानसभा से जीत दर्ज की है।

ATISHI ELECTED AS LEADER OF OPPOSITION

आतिशी बनीं दिल्ली की पहली महिला नेता प्रतिपक्ष Photograph: (आईएएनएस)

नई दिल्लीः दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को नेता प्रतिपक्ष चुना गया है। यह फैसला रविवार को हुई आम आदमी पार्टी के विधायकों की विधायी बैठक में लिया गया। बैठक में आप संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के सभी 22 विधायक शामिल थे। आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। 

उन्होंने कहा कि " आज हुई विधायी बैठक में विधानसभा में आतिशी जी को सर्वसम्मति से नेता प्रतिपक्ष चुना गया है। आतिशी जी के नाम के प्रस्ताव का सभी विधायकों ने समर्थन दिया। "

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में सशक्त विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करेगी। 

पहली महिला बनेंगी नेता प्रतिपक्ष

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पदभार ग्रहण करने वाली आतिशी पहली महिला बनेंगी। नेता प्रतिपक्ष चुने जाने पर आतिशी ने पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और सभी विधायकों को धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने हमें विपक्ष की भूमिका दी है, जिसको हम पूरी जिम्मेदारी से निभाएंगे।  

 

गौरतलब है कि हाल ही में हुए चुनाव के बाद दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र 24 फरवरी से शुरू हो रहा है। यह सत्र तीन दिनों तक चलेगा। दिल्ली की सत्ता पर 27 साल बाद वापसी करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि विधानसभा की पहली बैठक में लंबित सीएजी रिपोर्ट पेश की जाएगी। 

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर मतदान पांच फरवरी को हुआ था और मतगणना आठ फरवरी को हुई थी। चुनावी नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने 27 साल का सूखा खत्म कर 48 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, 11 साल से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी को महज 22 सीटों पर ही जीत मिल सकी।

चुनावी नतीजों में आप के प्रमुख नेताओं को भी हार का सामना करना पड़ा। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज जैसे नेता शामिल हैं। हालांकि, कांग्रेस लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में खाता नहीं खोल सकी। 

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article