Aaj Ka Mausam, 24th May 2025: राजस्थान में लू का प्रकोप जारी, इन जगहों पर आंधी-बारिश...IMD का ताजा अपडेट

Aaj ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में आज भी लोगों को गर्मी से मिली राहत जारी रहेगी। बीते तीन दिनों से यही स्थिति बनी हुई है। यूपी और बिहार में भी बारिश देखने को मिल सकती है।

heatwave, heat wave imd, imd heatwave alert, weather news, weather update, up weather, लू की चेतावनी, मौसम विभाग, यूपी मौसम,

राजस्थान में गर्मी करेगी बेहाल Photograph: (IANS)

नई दिल्ली: दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आज भी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, दक्षिण में भी केरल में मानसून की आहट के बीच बारिश का दौर जारी है। इस बीच राजस्थान में पूर्वी कुछ हिस्सों को छोड़ भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार (24 मई) के लिए कई जगहों पर बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

दिल्ली में बादल, यूपी और बिहार का क्या है हाल?

दिल्ली-एनसीआर में आज भी लोगों को गर्मी से मिली राहत जारी रहेगी। बीते तीन दिनों से यही स्थिति बनी हुई है। दिल्ली में आज हल्की बारिश के साथ-साथ मध्यम गति से हवाएं चलने की उम्मीद है। हालांकि, उमस का सामना भी एनसीआर के इलाकों में लोगों को करना पड़ सकता है।

उत्तर प्रदेश में दिन में कई जगहों पर गर्मी का अहसास हो सकता है। हालांकि, शाम ढलते-ढलते आसमान में बादल और हवाओं की वजह से राहत मिलेगी। बूंदाबांदी की भी संभावना है।

बिहार में भी बारिश देखने को मिलेगी। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने आज उत्तर बिहार में तेज बारिश और दक्षिण बिहार के सभी जिलों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

राजस्थान में लू और हीववेव

राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। गंगानगर में कल तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था। फिलहाल लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर जैसी जगहों पर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर बादल और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। 

इसके अलावा कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में कई जगहों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, केरल और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

महाराष्ट्र में मुंबई, ठाणे, पालघर, सिंधुदुर्ग, तथा पुणे और सतारा के घाटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें भारी वर्षा, गरज के साथ तूफान और 60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, 23 से 29 मई तक कोंकण और गोवा में गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ व्यापक रूप से हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।

केरल में भारी बारिश

केरल के कई इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने पहले बताया था कि अगले हफ्ते की शुरुआत में मानसून केरल पहुंच जाएगा। इससे बारिश में और वृद्धि होगी। तटीय सहित राज्य के अंदर के इलाकों में तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है। केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप तटों पर 24 से 27 मई तक मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

आईएमडी ने 23 से 27 मई तक आंध्र प्रदेश में लगातार पांच दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही बिजली चमकेगी और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश (एनसीएपी), यनम, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश (एससीएपी) और रायलसीमा में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article