आज का मौसम 2 जून: मानसून आने के बाद देश के दक्षिणी राज्यों में बारिश का कहर जारी है। वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट है। हालांकि, कई जगहों पर लोगों को भारी उमस की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। बिहार के कई हिस्सों में यही हाल है। इस बीच पूर्वोत्तर राज्य भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात का सामना कर रहे हैं। कई लोगों की जानें भी गई हैं। आज भी पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश का अलर्ट है। दिल्ली में तापमान नहीं बढ़ेगा लेकिन हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकता है।
Delhi Weather Update: दिल्ली का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) में रविवार शाम धूल भरी आंधी और बारिश के बाद तापमान गिरा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज भी दिल्ली में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ते बादलों का असर दिल्ली पर नजर आएगा। इसलिए आंधी-पानी की स्थिति बनी हुई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से तेज हवा भी चल सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 37-38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार में उमस वाली गर्मी, कुछ इलाकों में भारी बारिश
बिहार में 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि सिवान, सारण, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा शिवहर और वैशाली जैसे जिलों में तेज हवाएं, गरज के साथ बारिश सहित बिजली गिरने की आशंका है।
इसके अलावा 26 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। इसमें पटना, गया, रोहतास, सुपौल, मधेपुरा, भागलपुर जैसे इलाके शामिल हैं। हालांकि, इस दौरान उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। बिहार के कई जिलों में पिछले दो दिनों में भारी उमस की वजह से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 12 जून के आसपास मानसून पहुंचेगा।
उत्तर प्रदेश का मौसम अपडेट
यूपी में भी उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून के आसपास प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश से लोगों को राहत मिलेगी। फिलहाल आज पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पूर्वी यूपी के भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आज (2 जून, सोमवार) गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, मेरठ, बुलन्दशहर, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, अम्बेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, अलीगढ़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद और उसके आसपास के इलाकों में बारिश का अनुमान है।