तुर्की हवाई अड्डे पर फंसे 400 इंडिगो यात्रियों ने दिल्ली और मुंबई के लिए भरी उड़ान, भारतीय दूतावास ने दी जानकारी

इंडिगो ने शुक्रवार रात एक बयान जारी किया जिसमें उसने तकनीकी समस्याओं का हवाला दिया। उसने कहा, तकनीकी समस्याओं के कारण इंडिगो की मुंबई और दिल्ली से इस्तांबुल की फ्लाइट्स में देरी हुई। इससे वापसी की उड़ानों में देरी हुई।

एडिट
तुर्की हवाई अड्डे पर फंसे 400 इंडिगो यात्रियों ने दिल्ली और मुंबई के लिए भरी उड़ान, भारतीय दूतावास ने दी जानकारी

तुर्की हवाई अड्डे पर इंडिगो के करीब 400 यात्री दो दिन से अधिक समय से फंसे रहे। गुरुवार इन यात्रियों को इंस्ताबुल से दिल्ली और मुंबई जाना था लेकिन वे शुक्रवार तक इस्तांबुल में ही फंसे रहे। इन यात्रियों में कैंसर के मरीज भी शामिल थे, जो अपनी बीमारी के बावजूद हवाईअड्डे पर परेशान हो रहे थे। यात्रियों का कहना है कि इंडिगो ने तक कोई अपडेट नहीं दिया है कि वे भारत के लिए कब उड़ान भरेंगे। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर इंडिगो पर गुस्सा निकाला। जैसे ही यह खबर सुर्खियों में आई, भारतीय दूतावास ने शनिवार को हस्तक्षेप कर फंसे हुए यात्रियों की मदद शुरू की।

भारतीय दूतावास ने एक पोस्ट में बताया कि दोनों उड़ानें शनिवार दोपहर को मुंबई और दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। भारतीय दूतावास ने पोस्ट में बताया कि वाणिज्य दूतावास ने एयरलाइंस से नियमित रूप से संपर्क बनाए रखा और यात्रियों से उनकी कॉल्स का जवाब दिया। सभी आवश्यक जांच के बाद उड़ानें अंततः इस्तांबुल से रवाना हो गईं।"

तुर्की हवाई अड्डे पर 400 यात्रियों के फंसने को लेकर इंडिगो ने क्या कहा?

सोशल मीडिया पर मामले के तुल पकड़ने के बाद इंडिगो ने शुक्रवार रात एक बयान जारी किया। बयान में उसने तकनीकी समस्याओं का हवाला दिया। इंडिगो ने कहा, "तकनीकी समस्याओं के कारण इंडिगो की मुंबई और दिल्ली से इस्तांबुल की फ्लाइट्स में देरी हुई। इससे वापसी की उड़ानों में देरी हुई। सभी यात्रियों को सूचित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए थे और उन्हें रिफ्रेशमेंट और आवास उपलब्ध कराए गए, जहां संभव था। हम ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं और उनके धैर्य और समझ की सराहना करते हैं। सभी ऑपरेशन अब सामान्य हो गए हैं।"

यात्रियों ने एयरलाइन पर निकाली भड़ास

हालांकि, यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानियों को साझा करते हुए कंपनी की सेवाओं की आलोचना की। शुभम बंसल नामक एक यात्री ने लिंक्डइन पर लिखा, "मैं उन 400 यात्रियों में से एक हूं जो इस्तांबुल में फंसे हुए हैं। इंडिगो से कोई जवाब या अपडेट नहीं मिल रहा है। क्या यही एयरलाइन चलाने का तरीका है?"

अन्य यात्री, अनुश्री भंसाली, ने बताया कि उनकी उड़ान पहले एक घंटे के लिए स्थगित की गई, फिर रद्द कर दी गई और अंततः 12 घंटे बाद पुनः शेड्यूल की गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "कई यात्री थकान और बुखार से जूझ रहे थे, लेकिन हमें ठहरने की जगह, भोजन या इंडिगो के किसी प्रतिनिधि से कोई सहायता नहीं मिली।"

इस्तांबुल के ठंडे मौसम ने यात्रियों की परेशानियों को और बढ़ा दिया। कुछ यात्रियों ने बताया कि एयरलाइन ने उन्हें लाउंज का आश्वासन दिया था, लेकिन लाउंज अत्यधिक भीड़भाड़ के कारण यात्रियों को ठीक से बैठने की जगह नहीं मिल पाई। कई यात्री घंटों तक खड़े रहे और एयरलाइन की तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, यात्री बुधवार रात दिल्ली की फ्लाइट (6E12) और मुंबई की फ्लाइट (6E18) से रवाना होने वाले थे। लेकिन शुक्रवार रात तक इंडिगो ने इस बारे में कोई अपडेट नहीं दिया। एक अन्य यात्री ने 12 दिसंबर को एक्स पर कहा कि हमारी फ्लाइट@IndiGo6E इस्तांबुल से दिल्ली जाने वाली थी। लगभग 500 लोग एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। असल में फ्लाइट का समय 20:10 था, लेकिन अब बताया गया है कि कुछ अनपेक्षित कारणों की वजह से इसे अगले दिन दोपहर 13:30 बजे तक के लिए टाल दिया गया है। यह सच में बकवास है, क्या इस तरह आप अपने यात्रियों के साथ व्यवहार करते हैं?

नियति दतवानी नाम की एक यात्री ने भी इंडिगो पर स्थिति को बहुत खराब तरीके से संभालने का आरोप लगाया। उसने एक्स पर लिखा- मैं इंडिगो एयरलाइंस से गहरे निराश हूं, क्योंकि इस्तांबुल में एक बेहद हताश करने वाले अनुभव का सामना करना पड़ा। हम 12 घंटे से अधिक समय से यहां फंसे हुए हैं, और फ्लाइट में तकनीकी समस्या के कारण देरी हो रही है। इस स्थिति को बहुत खराब तरीके से संभाला गया है।

तुर्की हवाई अड्डे पर फंसी एक और यात्री पार्श्व मेहता ने एक्स पर कहा कि बुधवार रात 8:15 बजे मुंबई की फ्लाइट पकड़नी थी, जो पहले 11 बजे तक देरी की गई, फिर 10 बजे सुबह के लिए शेड्यूल की गई। यह जानकारी यात्रियों को तुर्की एयरलाइंस के क्रू ने दी, इंडिगो ने नहीं। मेहता ने कहा, "हमें बताया गया था कि इस्तांबुल हवाई अड्डे पर हमें लाउंज एक्सेस मिलेगा, लेकिन लाउंज इतनी छोटी थी कि इतने सारे फंसे हुए यात्रियों को समायोजित नहीं किया जा सका। हम में से कई घंटे खड़े रहे, बिना उचित सुविधाओं के। कोई वैकल्पिक फ्लाइट्स की पेशकश नहीं की गई, कोई उचित संचार नहीं किया गया।"  एक अन्य यात्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए इंडिगो की बुनियादी ग्राहक सेवा पर नाराजगी जताई और उसने इंडिगो को माफी मांगने और यात्रियों को उचित मुआवजा देने की बात कही।

दुनिया की सबसे खराब एयरलाइनों में शुमार इंडिगोः रिपोर्ट

गौरतलब है कि हाल ही में जारी हुए 2024 एयरहेल्प स्कोर रिपोर्ट में इंडिगो को "दुनिया की सबसे खराब एयरलाइनों" में शामिल किया गया है। इस रिपोर्ट में इंडिगो को 109 एयरलाइनों में से 103वां स्थान मिला है, जिसका स्कोर केवल 4.8 है। इस रिपोर्ट को खारिज करते हुए, इंडिगो ने सर्वे की पद्धति पर ही सवाल खड़े कर दिए। उसने कहा कि सर्वे में भारत के सैंपल साइज का खुलासा नहीं किया गया है जिससे सर्वे की विश्वसनीयता पर संदेह पैदा होता है। पंक्चुअलिटी के बारे में बोलते हुए एयरलाइन ने कहा कि इसे दुनिया की सबसे खराब एयरलाइनों में से एक के रूप में रैंक करना सही नहीं है, क्योंकि उनके अनुसार, उन्होंने पंक्चुअलिटी के मामले में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।

 

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article