जम्मू-कश्मीर के अखनूर में तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में पलटी, हादसे में 22 की मौत, कई घायल

हादसे पर पीएम मोदी समेत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ट्वीट किया है और दुख जताया है।

एडिट
21 killed many injured in Jammu and Kashmir Akhnoor bus accident

जम्मू-कश्मीर के अखनूर बस दुर्घटना में 21 की मौत, कई घायल (फोटो- IANS)

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के अखनूर में गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में 22 लोगों की मौत हो गई और 69 अन्य घायल हो गए। घटना के तुंरत बाद राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया है।

सीनियर सिविल, पुलिस, सेना के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने इसकी निगरानी की है। घायलों को अखनूर अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां से गंभीर रूप से घायलों को जम्मू शहर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेजा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में मारे गए लोगों की सही पहचान अभी भी की जा रही है। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत सीएम योगी ने भी दुख जताया है।

घटना पर ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने क्या कहा

जम्मू-कश्मीर के ट्रांसपोर्ट कमिश्नर राजेंद्र सिंह तारा ने बताया, "अखनूर बस दुर्घटना में 22 लोगों की मौत हो गई है जबकि 69 अन्य घायल हो गए। उत्तर प्रदेश के हाथरस से तीर्थयात्रियों को लेकर आ रही बस के चालक का नियंत्रण हट गया जिसके चलते ये दुर्घटना हुई।

इसके चलते जम्मू-पुंछ हाईवे पर अखनूर के चुंगी मोड़ इलाके में रोड से फिसलकर बस गहरी खाई में गिर गई।

मुआवजे का हुआ ऐलान, हेल्पलाइन जारी

घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर एलजी कार्यालय के तरफ से मुआवजे का भी ऐलान हुआ है। हादसे में मरने वालों के परिवार वालों को पांच लाख रुपए और घायलों को 50 हजार मुआवजा देने का ऐलान हुआ है। यही नहीं घटना से जुड़ी जानकारियों के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 05722227041 तथा 05722227042 भी जारी किया गया है।

पीएम मोदी समेत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी जताया दुख

पीएम मोदी ने कहा, "अखनूर में बस दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द ठीक हो जाएं। बस दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू-कश्मीर के डिप्टी गवर्नर मनोज सिन्हा ने भी इस पर गहरा दुख जताया है।

सीएम योगी ने क्या कहा है

हादसे को लेकर सीएम योगी ने एक्स पर एक पोस्ट भी लिखा है। सीएम योगी ने लिखा है, "जम्मू-कश्मीर में एक दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। इस दुर्घटना में अपने आत्मीय जनों को खोने वाले शोक संतप्त लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर के अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article