Imran Masood Exclusive Interview with Bole Bharat: पहलगाम के कातिल मारे जाते तो सुकून मिलता, इसमें तो पूरी तरह फेल रही सरकार- इमरान मसूद

कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद ने कहा कि वह कांग्रेस के एक छोटे सिपाही हैं। कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। कांग्रेस का गठबंधन बसपा के साथ होना चाहिए।

Imran Masood Exclusive Interview with Bole Bharat

कांग्रेस के भीतर राहुल-प्रियंका गुट पर क्या बोले इमरान मसूद? Photograph: (Bole Bharat Desk)

नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद उपजी परिस्थितियों के मामले में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार कई मोर्चों पर फेल रही है। इमरान मसूद ने 'बोले भारत' के साथ खास बातचीत में कहा कि पहलगाम के कातिलों को अब तक नहीं मारा जा सका है। उन्होंने कहा कि अगर पहलगाम के कातिलों को मार दिया जाता तो सुकून मिलता। मसूद ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद अचानक युद्धविराम, अमेरिका की कथित भूमिका और पूरे प्रकरण के बीच भारत की विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठाए।

पहले सपा और फिर बसपा में भी रह चुके इमरान मसूद ने 'बोले भारत' से बिहार चुनाव और यूपी में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों पर भी बात की। इमरान मसूद खुद को भगवान राम का वंशज क्यों कहते हैं, इसे लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी। साथ ही उत्तर प्रदेश की राजनीति, कांग्रेस में कथित राहुल-प्रियंका गुट, सपा मुखिया अखिलेश यादव और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बारे में भी अपने विचार रखे। पढ़िए, उन्होंने महत्वपूर्ण विषयों पर क्या बात की। साथ ही पूरे इंटरव्यू का वीडियो लिंक भी आर्टिकल में है।

मैं एक हिंदुस्तानी हूं: इमरान मसूद

इमरान मसूद ने बोले भारत की संपादक शांता सिंह से बात करते हुए कहा "मैं एक हिंदुस्तानी हूं। मेरे मन में अपना देश बसता है। मेरे मन में देशवासी बसते हैं और कुछ नहीं।" उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए समाज की सेवा है। मेरा राजनीति में आने का मकसद सिर्फ सत्ता में रहना नहीं है। मैं चार चुनाव हारकर भी लगा रहा और फिर जीत मिली। मसूद ने कहा कि अगर कोई रात में दो बजे भी आवाज देता है तो मैं मदद करता हूं। उन्होंने आगे कहा "मैं आम आदमी हूं, नेता नहीं हूं।"

वहीं बागी होने के सवाल पर वह कहते हैं कि न वह पहले कभी उग्र थे और न अब हैं। मसूद ने कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं को डांट भी देते हैं और उन्हें बहुत प्यार करते हैं। छोटा से छोटा कार्यकर्ता भी मेरे कपड़े फाड़ने को तैयार हो जाता है। 

पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर और थरूर पर क्या बोले? 

पहलगाम आतंकी हमले के बारे में सवाल पूछे जाने पर इमरान मसूद ने कहा कि पहलगाम के कातिल तो मारे नहीं गए, अगर कातिल मारे जाते तो उन्हें सुकून मिल जाता। उन्होंने कहा "जब पीओके पर कब्जा करने के लिए हमारी सेना अंदर घुस गई तो अमेरिका से प्रेस कॉन्फ्रेंस होती है और हमारा युद्धविराम हो जाता है। किस बात के लिए युद्धविराम हुआ ये भी नहीं पता चला।"

इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि 1971 युद्ध के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन का फोन आता रहा और उन्होंने नहीं उठाया। जंगी बेड़ा भेजने के बाद भी पीछे नहीं हटीं। इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े करके हाथ में दे दिए। उन्होंने कहा हमारी फौज अंदर घुस गई थी, पीओके पर कब्जा हो जाता, पीओके हमारा हो जाता। इसके बाद युद्धविराम कर लेते।

उन्होंने कहा कि 26/11 मुंबई हमले के बाद कांग्रेस ने कूटनीतिक चाल चलकर पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र द्वारा आंतकवादी देश करार दिया था। अभी संयु्क्त राष्ट्र की आतंकवाद विरोधी उपसमिति का उपाध्यक्ष पाकिस्तान को बना दिया गया है। IMF ने पाकिस्तान को लोन दे दिया और कोई भी देश भारत के साथ खुलकर खड़ा नहीं हुआ। विपक्ष पूरी तरह से सरकार के साथ खड़ा था लेकिन सरकार पूरी तरह से फेल रही है। 

कांग्रेस के नेता शशि थरूर के खिलाफ बोल रहे हैं। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कौन थरूर की आलोचना कर रहा है?, कोई नहीं कर रहा है। 

संसद का विशेष सत्र

इमरान मसूद ने यह भी कहा कि हमने संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आप पूरी दुनिया को बता रहे हैं कि हमने क्या किया लेकिन देश को क्यों नहीं बता रहे हैं? जबकि पार्लियामेंट को बताना सबसे पहले जरूरी था।

बिहार विधानसभा चुनाव पर क्या बोले इमरान मसूद? 

इमरान मसूद ने इंटरव्यू के दौरान बिहार विधानसभा चुनाव के बारे में कहा कि बिहार के लोग परेशान हैं। किसान बदहाल हैं, नौजवान परेशान हैं, बिहार के अंदर बहुत बुरा हाल है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार में गठबंधन की सरकार बनाएंगे। सीटों के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये पार्टी का फैसला है।

उत्तर प्रदेश में बनाएंगे सरकार..

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के बारे में उन्होंने कहा कि वह सरकार बनाएंगे। वहीं, मुसलमानों को अल्पसंख्यक मानने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों और बहुसंख्यकों की पहचान एक ही है, हिंदुस्तानी। हम सब भारतीय हैं। हम सब हिंदुस्तानी हैं। सबको भारतीय की नजर से देखा जाना चाहिए। 

वहीं, यह पूछे जाने पर कि अखिलेश यादव के सहारे पर चल रहे हैं के जवाब में उन्होंने कहा कि हम अकेले चलने की कोशिश करेंगे। गठबंधन होना है या नहीं होना है ये पार्टी तय करेगी। मैं पार्टी को मजबूत करने में जुटा हूं। वहीं, यह पूछे जाने पर कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार लगातार खिसक रहा है, पर उन्होंने कहा कि राजनीति में कब किसका जनाधार खिसक जाए, किसी को नहीं पता। 

वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी के बारे में उनके विवादित बयान के बारे में उन्होंने कहा कि बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने आगे कहा कि न मैं वो था, न मैं वो हूं और न मैं वो रहूंगा। 

भगवान श्रीराम के वंशज

इमरान मसूद खुद को भगवान श्रीराम का वंशज मानते हैं। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि हम सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। हम 'वसुधैव कुटुंबकम' को मानते हैं। मूर्ति पूजा के सवाल पर उन्होंने कहा कि सब एक हैं लेकिन पद्धति अलग है। धर्म जीवन का दर्शन देता है, धर्म जीवन जीने का रास्ता दिखाता है। उन्होंने कहा "धर्म नफरत नहीं सिखाता है, मोहब्बत सिखाता है।"

विवादित धर्मस्थलों के सवाल पर उन्होंने कहा कि राम मंदिर बना तो किसने विरोध किया, सबने उसका स्वागत किया। देश संविधान से चलेगा। किसी को आपत्ति है तो अदालत जाएं, अदालत का फैसला मानना सबकी जिम्मेदारी है। 

राहुल गांधी, असदुद्दीन ओवैसी पर क्या बोले? 

वहीं, ओवैसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि ओवैसी साहब बड़े भाई हैं, उनका अपना एजेंडा है, मैं कांग्रेस का सिपाही हूं। मेरी आइडियोलॉजी कांग्रेस की है, मैं अपनी विचारधारा से चलूंगा। ओवैसी की पॉलिटिक्स पूरी तरह से अलग है, मैं उससे इत्तेफाक नहीं रखता। 

वहीं, राहुल गांधी के बारे में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की एक भी बात गलत नहीं हुई। जो उन्होंने बोला, वही होता है। लोगों के समझने का फर्क है, कब समझ में आ जाए ये देखिए। उन्होंने कहा कश्मीर से कन्याकुमारी तक राहुल गांधी ही लड़ रहे हैं। राहुल गांधी देश की बात कर रहे हैं, मोहब्बत की बात कर रहे हैं और कोई भी देश नफरत से नहीं चल सकता है मोहब्बत से चलता है। 

बसपा के साथ गठबंधन 

बसपा के साथ गठबंधन पर इमरान मसूद ने कहा कि बीएसपी में रहने के दौरान उन्होंने मायावती को समझाया था कि जो मिशन मूवमेंट बाबा साहब ने चलाया था और उसे कांशीराम ने आगे बढ़ाया और बहनजी ने उसे वजन दिया और पोषित किया। उन्होंने कहा कि बदले हालातों के अंदर बहनजी को यह समझना चाहिए कि मिशन ने दम तोड़ दिया है। 

बीएसपी बीजेपी की बी टीम है, इस सवाल के जवाब में मसूद ने कहा कि मैं ए टीम बी टीम नहीं जानता लेकिन बीएसपी की विचारधारा कांग्रेस की विचारधारा से मेल खाती है। वहीं, समाज में बढ़ रहे विभाजन पर उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी को पढ़िए तो फिर आपकी नफरत निकल जाएगी। 

बीजेपी, नरेंद्र मोदी और अमित शाह को कैसे चुनौती देंगे? 

बीजेपी, नरेंद्र मोदी और अमित शाह के सवाल पर उन्होंने कहा मैं पार्टी का छोटा कार्यकर्ता हूं और पार्टी की विचारधारा पर काम कर रहा हूं। हम मोहब्बत करने वाले लोग हैं, मोहब्बत करते रहेंगे। 

प्रियंका-राहुल गुट पर क्या बोले? 

वहीं, कांग्रेस के भीतर राहुल-प्रियंका के गुट पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई गुट नहीं है, मेरे नेता राहुल गांधी हैं, प्रियंका गांधी के नेता राहुल गांधी हैं। मेरी नेता प्रियंका गांधी हैं, प्रियंका गांधी के नेता राहुल गांधी हैं। कांग्रेस में कोई गुट नहीं है दोनों भाई-बहन हैं और दोनों के बीच में अटूट प्रेम है।

वहीं, प्रियंका के राजनीति में पहले आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह लगातार कहते रहे हैं कि प्रियंका गांधी पार्टी के लिए बड़ा असेट हैं और इससे पार्टी को बहुत फायदा मिलेगा। 

बीजेपी में नहीं कब्र में जाऊंगा

इमरान मसूद सपा, बसपा में रह चुके हैं और अब कांग्रेस से सांसद हैं। ऐसे में उनसे पूछा गया कि क्या बीजेपी में जा सकते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि बीजेपी में जाने का कोई रास्ता नहीं है। अब कब्र में जाऊंगा। 

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article