अहमदाबाद: गुजरात में शुक्रवार को एक बड़े मंत्रिमंडल फेरबदल के तहत गृह मंत्री रहे हर्ष सांघवी ने राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे सूरत से विधायक हैं। बतौर मंत्री शपथ लेने वाले अन्य लोगों में भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा भी हैं। इसके अलावा स्वरूपजी ठाकोर, प्रवीणकुमार माली, रुशिकेश पटेल, दर्शन वाघेला, कुंवरजी बावलिया, अर्जुन मोढवाडिया, परषोत्तम सोलंकी, जीतेंद्र वाघानी, प्रफुल्ल पंशेरिया और कनुभाई देसाई जैसे नाम भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने गांधीनगर के महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में एक समारोह में अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। मंत्रिमंडल विस्तार से एक दिन पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री पटेल को छोड़कर सभी 16 मंत्रियों ने अपने इस्तीफे सौंप दिए थे।
25 नए मंत्रियों ने ली शपथ
नए मंत्रिमंडल में 26 नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अलावा त्रिकम बिजल छंगा, स्वरूपजी सरदारजी ठाकोर, प्रवीण माली, ऋषिकेश पटेल, पीसी बरंडा, दर्शना वाघेला, कांतिलाल अमृतिया, कुंवरजीभाई बावलिया, रिवाबा जडेजा, अर्जुन मोढवाडिया, डॉ. प्रद्युम्न वाजा, कौशिक वेकारिया, परषोत्तम सोलंकी, जीतेंद्र वाघाणी, रमण सोलंकी, कमलेश पटेल, संजय सिंह महीडा, रमेश कटारा, प्रफुल पानसेरिया, हर्ष संघवी, मनीषा वकील और ईश्वर सिंह पटेल का नाम नए मंत्रियों की लिस्ट में हैं।
फिलहाल, गुजरात के 9 पुराने मंत्रियों को हटाया गया है, जबकि छह पुराने चेहरों को नए मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। इनमें पुराने चेहरों में ऋषिकेश पटेल, कनुभाई देसाई, कुंवरजी बावलीया, प्रफुल पानसेरीया, परसोत्तंभाई ओधवजीभाई सोलंकी और हर्ष संघवी शामिल हैं।
भाजपा विधायक पंकज देसाई ने कहा, ‘भूपेन्द्र पटेल सरकार की ओर से गठित नए मंत्रिमंडल का विस्तार आगामी 2027 के चुनावों को ध्यान में रखकर किया गया है। सभी समुदायों के प्रतिनिधियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि हर जिले को उचित प्रतिनिधित्व मिले।’
इसी महीने भाजपा गुजरात के अध्यक्ष भी बदले गए
इससे पहले आज मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की और अपने नए मंत्रिमंडल के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन की अनुमति मांगी। गांधीनगर स्थित राजभवन में हुई इस मुलाकात के दौरान, मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को गुजरात मंत्रिमंडल की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया।
इससे पहले गुजरात में मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री पटेल सहित 17 सदस्य थे। इनमें से आठ कैबिनेट स्तर के मंत्री थे, जबकि अन्य राज्य मंत्री (MoS) थे। 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में अधिकतम 27 मंत्री (सदन की कुल संख्या का 15 प्रतिशत) हो सकते हैं। इस महीने की शुरुआत में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की जगह राज्य भारतीय जनता पार्टी की गुजरात इकाई के नए अध्यक्ष बने थे।
अगर गुजरात विधानसभा की वर्तमान स्थिति की बात करें तो भाजपा के पास 156, कांग्रेस के पास 17 और आम आदमी पार्टी के पास 5 सीटें हैं।