वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका में स्टेट सीनेट का चुनाव लड़ रहे अश्विन रामास्वामी को अमेरिकी सीनेटर जॉन ओसॉफ का महत्वपूर्ण समर्थन मिला है। अमेरिका में जन्में भारतीय मूल के अश्विन रामास्वामी डिस्ट्रिक्ट 48 के जॉर्जिया राज्य के सीनेट सीट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

अश्विन डेमोक्रेट के तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं और ये मौजूदा रिपब्लिकन राज्य सीनेटर शॉन स्टिल को चुनौती दे रहे हैं। फिलहाल इस सीट से शॉन स्टिल सांसद हैं।

कौन हैं शॉन स्टिल 

यह वही शॉन स्टिल हैं जिन पर जॉर्जिया में 2020 के चुनाव परिणामों को पलटने की कोशिश करने का आरोप लगा था। जनवरी 2021 में यूएस कैपिटल में विद्रोह करने के आरोप में शॉन स्टिल को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दोषी भी ठहराया गया था। स्टिल को डोनाल्ड ट्रंप का खास माना जाता है।

जॉन ओसॉफ ने समर्थन में क्या कहा

स्टेट सीनेट का चुनाव लड़ रहे दोनों उम्मीदवारों के बारे में बोलते हुए सीनेटर ओसॉफ ने उनके बीच का अंतर बताया है। उन्होंने अश्विन के समर्थन में बोलते हुए कहा वे एक पूर्व चुनाव सुरक्षा विशेषज्ञ हैं और वे मेक अमेरिकन ग्रेट अगेन के राजनेता (शॉन स्टिल) के खिलाफ चुनाव लड़ रहे है जिन पर 2020 के चुनाव परिणामों को पलटने का आरोप है।

बता दें कि इस चुनाव में सीनेटर राफेल वार्नॉक और जॉन ओसॉफ के बीच लड़ाई थी जिसमें शॉन स्टिल पर चुनाव परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगा था। सीनेटर ओसॉफ ने कहा कि हमें राज्य सीनेट में अश्विन की जरूरत है और हमें गर्व है कि मैं इस रेस में उनके साथ खड़ा हूं।

ये पढ़े: अमेरिका में चुनावी साल में ट्रंप के बदले-बदले सुर! विदेशी छात्रों को ग्रेजुएशन के बाद ग्रीन कार्ड देने की बात करने के क्या हैं मायने?

सीनेटर ओसॉफ का समर्थन अश्विन के लिए क्यों है खास

अश्विन ने सीनेटर ओसॉफ द्वारा जॉर्जिया में बुनियादी ढांचे के उन्नति, जलवायु परिवर्तन के प्रयासों और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने जैसे सीनेटर की उपलब्धियों गिनाते हुए उनके समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।

जॉन ओसॉफ साइबर सुरक्षा और बुनियादी ढांचा सुरक्षा एजेंसी (सीआईएसए) की देखरेख करने वाली होमलैंड सुरक्षा और सरकारी मामलों की सीनेट समिति (एचएसजीएसी) के सदस्य हैं।

ओसॉफ एक अमेरिकी नेता हैं जो 2021 से जॉर्जिया से अमेरिकी सीनेटर हैं। वे डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य हैं। वे एक फिल्म निर्माता और खोजी पत्रकार के रूप में भी काफी लोकप्रिय हैं। ऐसे में उनके समर्थन से अश्विन को इस चुनाव में फायदा हो सकता है।

कौन हैं अश्विन रामास्वामी

अश्विन रामास्वामी के माता पिता सन 1990 में तमिलनाडु से अमेरिका आए थे। उनका जन्म अमेरिका में ही हुआ था और उन्होंने इसी साल मई में जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय से अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है।

ये भी पढ़े: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन दिन में 6 घंटे रहते हैं एक्टिव, शाम 4 बजे के बाद हो जाते हैं असमर्थ; रिपोर्ट में दावा

24 साल के अश्विन स्टेट सीनेट का चुनाव लड़ने से पहले सीआईएसए में चुनाव सुरक्षा की नौकरी करते थे। चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी है। अश्विन ने अपने चुनावी अभियान के लिए अब तक 280 हजार अमेरिकी डॉलर से भी अधिक फंड जुटा लिया है।

रामास्वामी जेनरेशन जेड का प्रतिनिधित्व करते हैं। बता दें कि जेनरेशन जेड शब्द का इस्तेमाल उनके लिए किया जाता है जिनका जन्म 1997 और 2012 के बीच हुआ है।

अगर वे इस चुनाव को जीत जाते हैं तो वे जॉर्जिया में अब तक के सबसे कम उम्र के निर्वाचित प्रतिनिधि और राज्य में यह पद संभालने वाले पहले भारतीय अमेरिकी बन जाएंगे।

पुराण-उपनिषद में रुचि रखते हैं अश्विन

अश्विन ने एक इंटरव्यू में अपनी माता पिता के बारे में बोलते हुए कहा था कि उनकी मां चेन्नई से हैं और मेरे पिता कोयंबटूर से हैं। इंटरव्यू में उन्होंने अपने बारे में बताया था और कहा था वे यहां पर भारतीय और अमेरिकी कल्चर में बड़े हुए हैं। उन्होंने बताया था कि उन्हें भारतीय संस्कृति में बहुत रुचि है।

रामास्वामी ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने कॉलेज के दौरान संस्कृत सीखी थी। उन्होंने कई प्राचीन ग्रंथों को भी पढ़ा है पुराण-उपनिषद में भी वे अच्छी रुचि रखते हैं। उन्हें योग और ध्यान से भी काफी लगाव है।