'द साबरमती रिपोर्ट' फिल्म एमपी, छत्तीसगढ़ और हरियाणा के बाद राजस्थान में टैक्स-फ्री घोषित

राजस्थान द साबरमती रिपोर्ट फिल्म को टैक्स फ्री करने वाला चौथा भाजपा शासित राज्य बन गया। इससे पहले यह फिल्म हरियाणा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी टैक्स-फ्री की गई।

एडिट
Bhajan Lal Sharma,the sabarmati express

नई दिल्लीः 2002 के गोधरा कांड पर आधारित 'द साबरमती रिपोर्ट' फिल्म को अब राजस्थान में टैक्स फ्री कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि यह फिल्म इतिहास के उस भयावह दौर को यथार्थ रूप में पेश करती है, जिसे कुछ स्वार्थी तत्वों ने अपने हित साधने के लिए तोड़-मरोड़ कर पेश किया था।

भजन लाल शर्मा ने इसे एक संवेदनशील और सच्ची प्रस्तुति बताते हुए कहा कि यह फिल्म तत्कालीन व्यवस्था की हकीकत को उजागर करती है और भ्रामक कथाओं का खंडन करती है।

चार भाजपा शासित राज्यों में द साबरमती रिपोर्ट फिल्म टैक्स फ्री

राजस्थान द साबरमती रिपोर्ट फिल्म को टैक्स फ्री करने वाला चौथा भाजपा शासित राज्य बन गया। इससे पहले यह फिल्म हरियाणा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी टैक्स-फ्री की गई। मंगलवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फिल्म को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री करते हुए लोगों से इसे देखने की अपील भी की थी। इस फैसले के बाद विक्रांत ने बुधवार वीडियो कॉल के जरिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चर्चा के दौरान बताया कि आज (20 नवंबर) वह अपने मंत्रिमंडल के साथ यह फिल्म देखने वाले हैं। मंत्रिमंडल के सदस्य और मुख्यमंत्री यादव के लिए होटल अशोक के ओपन थियेटर में यह स्पेशल शो रखा गया है।

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने फिल्म देखने के बाद टैक्स फ्री किया

मध्य प्रदेश के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया। यह फैसला मंगलवार को अपने कैबिनेट मंत्रियों और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ फिल्म देखने के बाद लिया। इस खास स्क्रीनिंग में फिल्म निर्माता एकता कपूर भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री सैनी ने फिल्म और इसमें काम करने वाले कलाकारों की सराहना करते हुए जनता से फिल्म देखने की अपील की। सैनी ने फिल्म की तुलना 'द कश्मीर फाइल्स' से की और इसे काफी सटीक बताया।

पीएम मोदी, अमित शाह के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने फिल्म को सराहा

गौरतलब है कि फिल्म की सरहाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी कर चुके हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी फिल्म देखने के बाद इसकी सरहना की। एकता कपूर की मौजूदगी में पुरी ने कहा कि हमें सबसे पहले तो एकता कपूर और उनकी कमाल की टीम को बधाई देना चाहिए। फिल्म में कलाकारों ने कमाल का काम किया है। लेकिन इन सबसे ज्यादा भी इसमें बहुत कुछ है। उस सच को वो सामने लाई हैं।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा “विरोधियों को अपने अंदर झांककर देखना चाहिए कि वह कहां पर हैं। हमें पता चला कि कुछ राजनीतिक विरोधी दल हैं, जिन्होंने इस पर कमेंट किया है। इन लोगों को अपने अंदर झांकना चाहिए। ये वही लोग हैं जो संविधान की कॉपी उठाते हैं और कहते हैं कि लोकतंत्र पर हमला हुआ है। इन लोगों से जरा पूछिए कि आजादी के बाद लोकतंत्र पर हमला कब हुआ?"

केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, भाजपा सांसद मनोज तिवारी की मौजूदगी में भी दिल्ली में फिल्म के लिए एक विशेष स्क्रीनिंग रखी गई थी। इस स्क्रीनिंग में विक्रांत मैसी भी मौजूद थे।

फिल्म का निर्देशन धीरज सरना ने किया है और इसमें विक्रांत मैसी, राशी खन्ना और रिद्धि डोगरा मुख्य भूमिकाओं में हैं। तीनों ने पत्रकार की भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि सच्चाई लंबे समय तक छिप नहीं सकती और अंततः तथ्य सामने आते हैं।

गोधरा कांड में 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बे में आग लगने से 59 कारसेवकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद गुजरात में भीषण दंगे भड़क उठे थे। बालाजी मोशन पिक्चर्स, विकिर फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत, 'द साबरमती रिपोर्ट' का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अमूल वी मोहन और अंशुल मोहन ने किया है। फिल्म 15 नवंबर को रिलीज हुई थी।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article