बेंगलुरुः  रेणुकास्वामी हत्याकांड की जांच कर रही बेंगलुरु पुलिस ने मशहूर कन्नड़ अभिनेता दर्शन थोगुदीपा को गिरफ्तार किया है। अभिनेता को मैसूर में उनके फार्महाउस से गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हत्याकांड के एक आरोपी ने पूछताछ के दौरान अभिनेता का नाम बताया था। दर्शन पर आरोप है कि वह लगातार आरोपियों के संपर्क में थे।  अभिनेता का नाम सामने आने के बाद कामाक्षीपाल्या पुलिस ने उन्हें मंगलवार, 11 जून को गिरफ्तार किया। इसके बाद बेंगलुरु के अन्नपूर्णेश्वरी पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहाँ उनसे पूछताछ की जा रही है।

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, चित्रदुर्ग निवासी रेणुकास्वामी की कथित तौर पर हत्या मैसूर में की गई थी और शव बेंगलुरु के एक इलाके कामाक्षीपाल्या में मिला था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रेणुकास्वामी ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर कन्नड़ अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा को आपत्तिजनक संदेश भेजे थे। इसके बाद उन्हें 8 जून को कामाक्षीपाल्या गया और उसकी हत्या कर दी गई। 9 जून को सुमनहल्ली पुल के कपास स्थानीय लोगों ने उसका शव बरामद किया था।

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, कामाक्षीपाल्या पुलिस को मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान ही मामले में दर्शन की संलिप्तता का पता चला। एक आरोपी ने उनका नाम बताया जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया गया।

शहर के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने कहा कि पीड़ित का शव शहर के पश्चिमी भाग कामकशिपल्या में शव को नाली से बरामद किया गया था। उसे चित्रादुर्ग से अपहरण कर लिया गया था और कामकशिपल्य में हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं।

अभिनेता दर्शन का विवादों से रहा है नाता

इस हत्याकांड में गिरफ्तारी से पहले भी दर्शन घरेलू हिंसा के मामले में 14 साल पहले अरेस्ट हुए थे। सितंबर 2011 में दर्शन पर उनकी पत्नी विजया लक्ष्मी ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था।  विजया ने दर्शन पर आरोप लगाते हुए शिकायत में कहा था कि अभिनेता ने उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाईं थी। उनके कान फाड़ दिए गए थे। जिसमें चार टांके लगाने पड़े और उन्हें सिगरेट से जलाया गया। विजया ने पुलिस शिकायत में कहा था कि  उनका शरीर सूज गया था और खून बह रहा था, और उन्हें अपनी चोटों से उबरने के लिए एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।

द न्यूज मिनट के मुताबिक, मारपीट के दौरान, दर्शन ने कथित तौर पर उनके बेटे को मारने की धमकी दी थी जो उस समय तीन साल का था। शिकायत के बाद पुलिस ने दर्शन को गिरफ्तार किया था और परप्पना अग्रहारा में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इस घटना के बाद अभिनेता के प्रशंसकों ने काफी उत्पात मचाया था। कई बसों को जला दिए थे और बेंगलुरु के विजयनगर पुलिस स्टेशन का घेराव किए थे।

प्रशंसकों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। इस घटना के बाद फिल्म उद्योग के वरिष्ठ अभिनेताओं जैसे अंबरीश और कॉमेडियन जगगेश ने विजया लक्ष्मी से समझौता करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में दर्शन ने "दुर्व्यवहार" किया तो इसके लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया जाएगा। बाद में विजया लक्ष्मी ने पारिवारिक मामला बताते हुए अपनी शिकायत वापस ले ली और दावा किया कि उन्हें चोटें सीढ़ियों से गिरने के कारण लगी थीं।

हालांकि 2016 में, उनकी पत्नी ने उनके खिलाफ 'आपत्तिजनक व्यवहार' के लिए एक बार फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा जनवरी 2023 में दर्शन पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। जबकि जनवरी 2024 में, दर्शन को उत्तरी बेंगलुरु के एक रेस्टोबार में नए साल की पूर्व संध्या पर कथित तौर पर रात 1 बजे की समय सीमा के बाद पार्टी करने के लिए पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराना पड़ा था।