बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को 'लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार' दिए जाने की घोषणा हुई है। जबकि संगीत सम्राट ए.आर. रहमान को 'मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार' से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार प्रख्यात मंगेशकर परिवार द्वारा पोषित मास्टर दीनानाथ मंगेशकर स्मृति प्रतिष्ठान द्वारा दिया जाता है। 24 अप्रैल को मास्टर दीनानाथ की 82 वीं पुण्यतिथि पर संगीतमय श्रद्धांजलि के साथ कलाकारों को पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार की शुरुआत साल 2022 में 24 अप्रैल को हुई थी। यह पुरस्कार हर साल इसी तारीख को प्रदान किया जाता है। गौरतलब है कि साल स्वर कोकिला लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में 6 फरवरी 2022 को निधन हो गया था। यह पुरस्कार उनकी याद में ही दिया जाता है। हर साल मुंबई के विले पार्ले में दीनानाथ मंगेशकर नाट्यगृह में कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

किसे मिला था पहला लता मंगेशकर दीनानाथ पुरस्कार?

पहला लता मंगेशकर दीनानाथ पुरस्कार 2022 में पीएम नरेंद्र मोदी को दिया गया था। इसके अलावा जैकी श्रॉफ, आशा पारेख, गायक राहुल देशपांडे, सामाजिक कार्य के लिए मुंबई के डब्बावाला को भी पुरस्कृति किया गया था। वहीं 2023 में यह पुरस्कार अनुभवी गायिका और लता मंगेशकर की बहन आशा भोसले के साथ अभिनेत्री विद्या बालन और गायक पंकज उधास को प्रदान किया गया था।

इस वर्ष यह पुरस्कार अमिताभ बच्चन और एआर रहमान के अलावा सर्वश्रेष्ठ मराठी नाटक के रूप में 'गालिब', जलगांव के एनजीओ दीपस्तंभ फाउंडेशन मनोबल, साहित्यकार मंजिरी फडके, हास्य अभिनेता अशोक सराफ, अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे, गायक रूप कुमार राठौड़, पत्रकार एस.बी. तोरसेकर, अभिनेता अतुल परचुरे, निर्माता-अभिनेता रणदीप हुडा को दिया जाएगा।

पुरस्कार विजेताओं की सूची की घोषणा भाई-बहन हृदयनाथ मंगेशकर और उषा मंगेशकर ने की, और सम्मान 24 अप्रैल को आशा भोंसले के हाथों दिया जाएगा। प्रतिष्ठित गायिका विभावरी आप्टे-जोशी और उनकी टीम उस शाम लता मंगेशकर को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी, जिसका आयोजन प्रतिष्ठान और हृदयेश आर्ट्स द्वारा किया जा रहा है।

लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार 2024 (Lata Deenanath Mangeshkar Award)

अमिताभ बच्चन - विशेष पुरस्कार (सिनेमा)

एआर रहमान - मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार (संगीत)

'गालिब' - (सर्वश्रेष्ठ नाटक)

दीपस्तंभ फाउंडेशन मनोबल - समाज सेवा

मंजिरी फड़के - (वाग्विलासिनी पुरस्कार) (साहित्य)

अशोक सराफ - सिनेमा और नाटक

पद्मिनी कोल्हापुरे - सिनेमा

रूपकुमार राठौड़ - संगीत

भाऊ तोरसेकर - संपादकीय सेवाएँ

अतुल परचुरे - रंगमंच और नाटक

रणदीप हुडा - (विशेष पुरस्कार) सर्वश्रेष्ठ फिल्म निर्माण और अभिनेता