चेन्नई: सुपरस्टार कमल हासन अपने एक बयान की वजह से विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। कमल हासन ने चेन्नई में अपनी आने वाली फिल्म 'ठग लाइफ' के ऑडियो लॉन्च के दौरान भाषा को लेकर एक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कन्नड़ भाषा की उत्पत्ति दरअसल तमिल से हुई है। इसके बाद उनका बयान चर्चा में आ गया है। कर्नाटक में खासतौर पर कमल हासन के बयान का विरोध हो रहा है। कर्नाटक में कई कन्नड़ भाषा समर्थकों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

कमल हासन ने कार्यक्रम में भीड़ को संबोधित करते हुए अपने भाषण की शुरुआत 'उइरे उरावे तामीजे' (Uyire Urave Tamizhe) से की, जिसका अर्थ है 'मेरा जीवन और मेरा परिवार तमिल भाषा है।'

इसके बाद कमल हासन ने कहा, 'अभिनेता शिवराजकुमार दूसरे राज्य में रहने वाले मेरे परिवार के सदस्य हैं। इसलिए वे यहां हैं। इसलिए जब मैंने अपना भाषण शुरू किया, तो मैंने कहा कि 'मेरा जीवन और मेरा परिवार तमिल है'। आपकी भाषा (कन्नड़) तमिल से ही पैदा हुई है। इसलिए आप भी उस पंक्ति में शामिल हैं।'

हालांकि, हासन का यह बयान कर्नाटक में कई लोगों को पसंद नहीं आया। कन्नड़ रक्षणा वेदिके जैसे समूहों ने कमल हासन की टिप्पणियों की निंदा करते हुए इसे कन्नड़ भाषा और संस्कृति के प्रति अपमानजनक बताया।

कमल हासन के बयान पर हंगामा, फिल्म पर बैन की धमकी

न्यूज-18 की रिपोर्ट के अनुसार कन्नड़ रक्षणा वेदिके के एक नेता प्रवीण शेट्टी ने कहा, 'कमल हासन ने कहा कि तमिल भाषा कन्नड़ से बेहतर है और कन्नड़ का तमिल का जन्म हुआ है। हम कमल को चेतावनी दे रहे हैं, आपको कर्नाटक में बिजनेस करना है? और फिर भी कन्नड़ का अपमान कर रहे हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'आज आप राज्य में थे और हम आपको काली स्याही लगाने के लिए तैयार थे और आप भाग गए। हम आपको चेतावनी देते हैं, यदि आप कर्नाटक और राज्य के लोगों के खिलाफ बात करते हैं, तो आपके खिलाफ विरोध प्रदर्शन होंगे। हम आपको चेतावनी देते हैं, आपकी फिल्म को कर्नाटक में प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।'

कुछ रिपोर्ट के अनुसार विरोध करने वाले कुछ लोग बेंगलुरु में उस जगह पर पहुंचे थे, जहां कमल हासन को भी आना था। हालाँकि, बाद में प्रदर्शन कर रहे समूह ने दावा किया कि अभिनेता को अपने ऊपर काली स्याही फेंके जाने की योजना के बारे में पता चल गया था और इसलिए वह नहीं आए। 

कर्नाटक भाजपा प्रमुख ने जताया ऐतराज

इस बीच, कर्नाटक भाजपा प्रमुख बीवाई विजयेंद्र ने भी कन्नड़ भाषा पर टिप्पणी के लिए कमल हासन की निंदा की है। उन्होंने कमल हासन को 'एहसान फरामोश' करार दिया है। एक तीखे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि सुपरस्टार पर राज्य का कर्ज है।

उन्होंने लिखा, 'अपनी मातृभाषा से प्रेम करना चाहिए, लेकिन उसके नाम पर अहंकार दिखाना असभ्य व्यवहार है। विशेषकर कलाकारों में हर भाषा का सम्मान करने की संस्कृति होनी चाहिए। कन्नड़ समेत कई भारतीय भाषाओं में अभिनय कर चुके अभिनेता कमल हासन द्वारा तमिल भाषा के महिमामंडन में अभिनेता शिवराजकुमार को शामिल करके कन्नड़ का अपमान करना अहंकार और अहंकार की पराकाष्ठा है।'

उन्होंने आगे लिखा, 'कन्नड़ भाषा सदियों से भारत सहित विश्व के कई भागों में प्रमुख रही है। कमल हासन जैसे संकीर्ण सोच वाले, कट्टर व्यक्ति कम से कम यह तो समझें कि कन्नड़ भाषा को विश्व की भाषाओं में सबसे अधिक मान्यता प्राप्त है। कमल हासन, जिन्होंने कन्नड़ का अपमान करने से पहले कन्नड़ फिल्मों में भी अभिनय किया है, कन्नड़ और कन्नड़ लोगों की उदारता को भूल गए हैं, जिससे उनका कृतघ्न व्यक्तित्व उजागर हुआ है।'

कन्नड़ भाषा पर सोनू निगम भी फंसे थे विवादों में

कुछ समय पहले सोनू निगम भी कन्नड़ भाषा के कथित अपमान को लेकर विवाद के केंद्र में आ गए थे। बेंगलुरु में ईस्ट पॉइंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित एक कार्यक्रम में सोनू निगम ने एक प्रशंसक को फटकार लगाई, जिसने कथित तौर पर अपमानजनक तरीके से कन्नड़ गीत गाने की मांग की थी। अपने जवाब में निगम ने प्रशंसक की तुलना पहलगाम हमले और उसे अंजाम देने वाले आतंकियों से की, जिस पर खूब विवाद हुआ था।