‘द फैमिली मैन 3’ के एक्टर रोहित बासफोर की संदिग्ध हालत में मौत, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोहित के सिर, चेहरे और शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में हुए पोस्टमॉर्टम में इन चोटों की पुष्टि हुई है।

Rohit Basfore, Rohit Basfore Family man, Rohit Basfore death, Rohit Basfore photo, Rohit Basfore family man 3, Rohit Basfore movie, manoj vajpayee,

Photograph: (इंस्टाग्राम)

गुवाहाटी: 'द फैमिली मैन 3' में काम करने वाले अभिनेता रोहित बासफोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव असम के गर्भांगा जलप्रपात के पास मिला। रविवार दोपहर 12:30 बजे वह दोस्तों के साथ पिकनिक पर निकले थे, लेकिन देर शाम उनका शव जंगल में पाया गया। परिजनों को शक है कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या हो सकती है।

परिवार और दोस्तों के मुताबिक, रोहित कुछ महीने पहले ही मुंबई से गुवाहाटी लौटे थे। रविवार को जब वह देर तक घर नहीं लौटे और फोन भी बंद मिला, तो परिजन चिंतित हो गए। शाम को उनके एक दोस्त ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

कई जगहों पर मिले चोट के निशान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोहित के सिर, चेहरे और शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में हुए पोस्टमॉर्टम में इन चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले की हत्या की धाराओं में जांच शुरू कर दी है।

ओडिशा बाइट्स की एक रिपोर्ट के अनुसार परिजनों ने तीन लोगों- रंजीत बासफोर, अशोक बासफोर और धरम बासफोर-  पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इन तीनों से रोहित की कुछ दिन पहले एक पार्किंग विवाद को लेकर झड़प हुई थी। इसके अलावा, परिवार ने जिम मालिक अमरदीप पर भी शक जताया है, जिसने रोहित को पिकनिक के लिए आमंत्रित किया था।

रानी पुलिस चौकी के अनुसार, घटना स्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। चारों नामजद आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। शुरुआती जांच में यह दावा किया गया था कि रोहित झरने में फिसलकर गिर गए, लेकिन परिजनों के दावों के बाद अब मामले ने हत्या के शक का रुख ले लिया है।

मनोज बाजपेयी ने जताया दुख

रोहित के निधन पर अभिनेता मनोज बाजपेयी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे रोहित बासफोर! बहुत जल्दी चले गए! परिवार को हमारी संवेदनाएं। ओम् शांति।”

रोहित बासफोर सीरीज 'द फैमिली मैन 3' में अहम भूमिका में दिखेंगे। सीजन 3 की कहानी भारत में फैली कोविड-19 महामारी की पृष्ठभूमि में रची गई है, और यह दर्शकों को पूर्वोत्तर भारत की यात्रा पर ले जाएगी। इसके अलावा कहानी के प्रमुख हिस्से कोलकाता, मुंबई और दिल्ली में भी घटित होंगे।

बताया जा रहा है कि इस सीजन में एक चीनी खलनायक (Chinese antagonist) की एंट्री भी हो सकती है। इस बहुप्रतीक्षित सीजन की शूटिंग मई 2024 में शुरू हुई थी। खबरें हैं कि यह सीन इस साल दीवाली पर रिलीज हो सकती है।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article