नई दिल्ली/मनसाः दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का आज जन्मदिन है। 29 मई को 2022 को उनकी हत्या कर दी गई थी। ब्रिटिश प्रसारण संस्था बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ने मूसेवाला की हत्या पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री बनाई है जिसका नाम दिया है- 'द किलिंग कॉल'।
यह डॉक्युमेंट्री दो हिस्सों में मंगलवार को यूट्यूब पर रिलीज की गई, जबकि उनके पिता बलकौर सिंह ने इसकी रिलीज को रोकने के लिए मानसा की अदालत में याचिका दायर की थी। अदालत ने अंतरिम रोक लगाने से इनकार कर दिया है और अगली सुनवाई 12 जून को तय की गई है।
डॉक्यूमेंट्री की सार्वजनिक स्क्रीनिंग मूल रूप से 11 जून को मुंबई में मूसेवाला की जयंती के अवसर पर होनी थी। लेकिन विवाद और कानूनी आपत्ति बढ़ने के बाद बीबीसी ने इसे एक दिन पहले (मंगलवार) ही यूट्यूब पर अपलोड कर दिया।
अदालत ने तत्काल रोक से किया इनकार, 12 जून को सुनवाई
मानसा के सीनियर डिवीजन सिविल जज रजिंदर सिंह नागपाल ने याचिका पर सुनवाई करते हुए डॉक्युमेंट्री पर फिलहाल कोई रोक लगाने से इनकार कर दिया है। बलकौर सिंह की याचिका में बीबीसी वर्ल्ड सर्विस, इशलीन कौर और अंकुर जैन को प्रतिवादी बनाया है। उनका तर्क है कि यह डॉक्युमेंट्री हत्या से जुड़े आपराधिक मुकदमे को प्रभावित कर सकती है और परिवार की निजता का उल्लंघन है।
बलकौर सिंह का आरोप है कि बीबीसी ने उनके बेटे की ज़िंदगी, नाम और छवि का उपयोग परिवार की सहमति के बिना किया। उन्होंने महाराष्ट्र के डीजीपी और जुहू पुलिस स्टेशन में भी शिकायत दी थी, जिसमें कहा गया था कि डॉक्युमेंट्री में कई झूठे दावे किए गए हैं और ऐसे लोगों को बुलाया गया जो "अनजाने तथ्यों" का खुलासा करने का दावा करते हैं- यह सब सिद्धू की छवि धूमिल करने की कोशिश हो सकती है। बलकौर सिंह का यह भी कहना है कि महाराष्ट्र पुलिस ने अब तक इन शिकायतों पर कोई जवाब नहीं दिया है।
डॉक्यूमेंट्री में क्या है?
बीबीसी द्वारा प्रसारित इस डॉक्यूमेंट्री के दो भाग हैं। पहला भाग सिद्धू मूसेवाला के बचपन, संगीत करियर और विवादों पर केंद्रित है, जबकि दूसरा भाग 29 मई 2022 को मानसा (पंजाब) में हुई उनकी हत्या के घटनाक्रम को विस्तार से प्रस्तुत करता है।
बीबीसी ने डॉक्यूमेंट्री के विवरण में लिखा है, “यह कहानी हमें भारत के ग्रामीण गांवों से कनाडा के हिप-हॉप सीन तक, पंजाब के अशांत इतिहास से लेकर आधुनिक भारत की राजनीतिक जटिलताओं तक, और संगठित अपराध की अंधेरी दुनिया से उस गैंगस्टर की फोन कॉल तक ले जाती है, जिसने खुद हत्या की जिम्मेदारी ली।”
फिल्म में मूसेवाला के दोस्तों, पत्रकारों, दिल्ली-पंजाब पुलिस अधिकारियों के इंटरव्यू शामिल हैं, साथ ही कनाडा स्थित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का ऑडियो इंटरव्यू भी दिखाया गया है, जिसने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
जन्मदिन पर रिलीज हुए तीन नए गाने
मंगलवार, 11 जून को सिद्धू मूसेवाला की 32वीं जयंती के अवसर पर उनके यूट्यूब चैनल पर '0008', 'Neal' और 'Take Notes' नामक तीन नए गाने रिलीज किए गए। ये गाने उनकी नई EP 'Moose Print' का हिस्सा हैं। रिलीज के कुछ ही घंटों में ये गाने यूट्यूब पर लाखों व्यूज हासिल कर चुके हैं।
मूसेवाला की मृत्यु के बाद अब तक कुल 11 गाने रिलीज हो चुके हैं, जिनमें जून 2022 में आया ‘SYL’ भी शामिल है, जो पानी के बंटवारे से जुड़े SYL मुद्दे पर आधारित था।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या
शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या दिनदहाड़े उस समय की गई, जब वह बिना पुलिस सुरक्षा यात्रा कर रहे थे। हमलावरों ने उन पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं। उनका शव गाड़ी की ड्राइवर सीट पर झुका हुआ मिला।
गोल्डी बराड़, जो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताया जाता है, ने इस हत्या की सार्वजनिक जिम्मेदारी ली थी। बाद में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे "व्यक्तिगत आतंकवादी" घोषित किया।
इस मामले की जांच अब भी जारी है और अब तक किसी को दोषी करार नहीं दिया गया है। गोल्डी बराड़ अब भी फरार है। गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला ने 2022 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर मानसा सीट से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।