Thursday, October 16, 2025
Homeभारत'AAP' के 'बेईमानों' की लिस्ट वाले चुनावी पोस्टर में राहुल गांधी का...

‘AAP’ के ‘बेईमानों’ की लिस्ट वाले चुनावी पोस्टर में राहुल गांधी का नाम; कांग्रेस ने किया केजरीवाल पर पलटवार

नई दिल्लीः दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बीच सभी पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी ने 25 जनवरी को एक पोस्टर जारी किया। यह पोस्टर 2 भागों में था जिसमें ऊपर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल का फोटो था। इसमें केजरीवाल को ईमानदार बताया गया था। वहीं, पोस्टर के निचले हिस्से में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं का फोटो लगा था जिन्हें बेईमान बताया गया था।

अब इस मामले पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। दरअसल, आप के इस पोस्टर में राहुल गांधी का भी फोटो था जिसको लेकर कांग्रेस हमलावर है। आप द्वारा जारी इस पोस्टर में बीजेपी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी दिल्ली प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा, सांसद अनुराग ठाकुर, नई दिल्ली सीट से उम्मीदवार प्रवेश वर्मा, कालकाजी सीट से उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी का नाम शामिल है।

वहीं कांग्रेस से राहुल गांधी के साथ नई दिल्ली से उम्मीदवार संदीप दीक्षित और अजय माकन का नाम शामिल है। पोस्टर में कांग्रेस के नेताओं का नाम होने से इसे इंडिया गठबंधन में दरार के रूप में देखा जा रहा है।

इंडिया गठबंधन में तनातनी

दिल्ली चुनाव की घोषणा से पहले ही इंडिया गठबंधन में तनातनी देखने को मिल रही थी। अब ये दरारें खुलकर सामने आ रही हैं। इससे पहले दिल्ली में कांग्रेस और आप एक दूसरे पर हमलावर थे। अब यह वार और भी बढ़ता दिखाई दे रहा है।

आप के इस पोस्टर पर कालकाजी से कांग्रेस की उम्मीदवार अलका लांबा ने पलटवार करते हुए आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को इंडिया गठबंधन छोड़ने की चुनौती दी है। अलका लांबा ने आम आदमी पार्टी के बारे में कहा कि यह वही पार्टी है जो लोकसभा चुनाव में देश की सबसे पुरानी पार्टी से “भीख” मांग रही थी।

अलका लांबा ने कहा कि “अगर अरविंद केजरीवाल में दम है तो उन्हें इंडिया गठबंधन छोड़ने की घोषणा करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी 100 सांसदों के साथ खड़ी है वहीं अरविंद केजरीवाल ने सभी 7 सीटें भाजपा को दे दीं…लोकसभा चुनाव के दौरान आप (अरविंद केजरीवाल) हमसे भीख मांग रहे थे। कांग्रेस ने दिल्ली की सात सीटों पर गठबंधन करके बहुत बड़ी गलती कर दी थी… कांग्रेस पार्टी को इसके चलते बहुत नुकसान झेलना पड़ा। “

जयराम रमेश ने किया पलटवार

वहीं इस मामले में कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने भी आप पलटवार करते हुए कहा है कि “भाजपा और आप एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों के बीच में कोई अंतर नहीं है। हम भाजपा और आप के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। आप भाजपा की बी टीम है। आप और भाजपा के बीच मिलीभगत है… अन्ना हजारे आंदोलन किसने शुरू किया था? उन्होंने किससे प्रेरणा ली थी? इसके पीछे आरएसएस थी। “

दिल्ली चुनाव से पहले ही इंडिया गठबंधन में फूट दिखने लगी थी। जब समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी ने दिल्ली चुनाव में आप का समर्थन किया था। दिल्ली में 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 8 फरवरी को होगी।

अमरेन्द्र यादव
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

डॉ उर्वशी on कहानीः इरेज़र
मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा