Thursday, October 30, 2025
Homeभारतकांग्रेस-राजद ने अपमान किया, हम छठ महापर्व को UNESCO की सूची में...

कांग्रेस-राजद ने अपमान किया, हम छठ महापर्व को UNESCO की सूची में लाने का प्रयास कर रहे: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी कैंपेन के तहत गुरुवार को बिहार दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी की एक और रैली सारण में है।

मुजफ्फरपुर: राहुल गांधी की ओर से एनडीए पर छठ पूजा और यमुना सफाई के वादों का इस्तेमाल वोट बटोरने के लिए करने का आरोप लगाने के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को महागठबंधन पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद नेता छठी मैया का भी अपमान कर रहे हैं। पीएम मोदी ने साथ ही कहा, ‘हमारी सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को में ‘सांस्कृतिक विरासत का दर्जा’ दिलाने की कोशिश कर रही है।’

पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘लेकिन जब आपका बेटा (मोदी) छठ को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाना चाहता है, तो कांग्रेस और राजद छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। मुझे बताइए क्या कोई सिर्फ वोट के लिए छठी मैया का अपमान कर सकता है? क्या बिहार और भारत इसे बर्दाश्त करेगा? क्या छठ व्रत करने वाली माताएँ इसे बर्दाश्त करेंगी? राजद और कांग्रेस कितने बेशर्म हैं? उनके लिए यह पूजा एक नाटक और नौटंकी है? क्या आप ऐसे लोगों को सजा देंगे या नहीं?’

‘कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन…’

पीएम मोदी ने कहा कि राजद ने हमेशा बिहार के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा, ‘राजद और कांग्रेस ने क्या किया है? जंगल राज वालों ने क्या किया है? पाँच शब्द हैं – कट्टा (देशी बंदूकें), क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि जहाँ राजद और कांग्रेस कटुता फैलाते हैं, वहाँ सामाजिक सौहार्द मुश्किल हो जाता है। उन्होंने आगे कहा कि उनके कुशासन में विकास का नामोनिशान नहीं था, भ्रष्टाचार फल-फूल रहा था, गरीबों का हक लूटा जा रहा था और कुछ ही परिवार फल-फूल रहे थे। उन्होंने कहा, ‘ऐसे लोग बिहार का कभी भला नहीं कर सकते।’

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘एनडीए और भाजपा में हमारी प्राथमिकता बिहार का गौरव बढ़ाना, बिहार की मधुर भाषा और समृद्ध संस्कृति को दुनिया के कोने-कोने तक पहुँचाना और बिहार का विकास सुनिश्चित करना है…राजद और कांग्रेस कभी भी बिहार का विकास नहीं कर सकते। इन पार्टियों ने दशकों तक बिहार पर राज किया, लेकिन लोगों को सिर्फ विश्वासघात और झूठे वादे ही दिए।’

उन्होंने आगे कहा, ‘बिहार का बेटा, बेटी अब पलायन नहीं करेगा, बिहार में ही काम करेगा, बिहार में ही नाम करेगा…।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भारत समृद्ध था, तब बिहार की बहुत बड़ी भूमिका थी। आज विकसित भारत के लिए भी बिहार का विकसित होना बहुत जरूरी है।

‘बिहार को लालटेन युग में रखने वाले बिजली कैसे देंगे’

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए उद्यम, उद्योग और सुशासन की जरूरत है न कि उन ताकतों की, जिनका अतीत भ्रष्टाचार, अपराध और अराजकता से भरा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘बिहार को आगे बढ़ाने के लिए उद्योग चाहिए और उद्योग के लिए जमीन, बिजली, कनेक्टिविटी और कानून का राज जरूरी है। सोचिए, जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा है, वो किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएंगे क्या? जिन्होंने रेल को लूटा, वो कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? जिन्होंने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़े, वो कानून का राज ला सकते हैं क्या?’

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार ने भाजपा–एनडीए के सुशासन का अनुभव किया है और आज वही बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि आज राज्य में रेल के इंजन बन रहे हैं, डेयरी उद्योग फल-फूल रहा है और बिहार का मखाना दुनिया भर में जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में लालू प्रसाद यादव के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि जंगलराज के दिनों में अपराधियों का भय चरम पर था। मुजफ्फरपुर के लोग 2001 के ‘गोलू अपहरण कांड’ को कभी नहीं भूल सकते। दिन-दहाड़े स्कूल जाते बच्चे का अपहरण हुआ, फिरौती मांगी गई और जब पैसे नहीं मिले तो उस मासूम की हत्या कर दी गई। यही था राजद का असली चेहरा।

पीएम मोदी ने कहा कहा कि उस दौर में राजद शासन में करीब 35 से 40 हजार अपहरण हुए थे। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि आज चुनावी मैदान में दो युवराजों की जोड़ी उतरी है। एक भारत के सबसे भ्रष्ट परिवार का युवराज, तो दूसरा बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवार का युवराज है।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

प्रताप दीक्षित on कहानीः प्रायिकता का नियम
डॉ उर्वशी on कहानीः इरेज़र
मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा