मुंबईः संभाजी महाराज की वीरता को पर्दे पर उतारती फिल्म ‘छावा’ का दूसरे हफ्ते भी सिनेमाघरों में जादू जारी है। 10 दिनों के भीतर छावा का कुल कलेक्शन ₹ 326.75 करोड़ तक पहुंच चुका है। इस कमाई के साथ ही छावा विक्की कौशल के करियर की अबतक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई।
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने आदित्य धर की "उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक" की लाइफटाइम कमाई को महज 9 दिनों में पार कर लिया है। खास बात यह है कि दूसरे शनिवार को फिल्म की कमाई पहले शनिवार से भी ज्यादा रही।
9वें दिन "उरी" को पछाड़ा
छावा 8वें दिन तक फिल्म उरी (₹244.14 करोड़) से लगभग 2 करोड़ रुपये (242.75) से पीछे थी। लेकिन दूसरे शनिवार (9वें दिन) को इसने पहले शनिवार की कमाई को भी पीछे छोड़ते हुए ₹44 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि पहले शनिवार को फिल्म ने ₹37 करोड़ कमाए थे। सैकनिल्क के अनुसार रविवार को फिल्म ने 40 करोड़ की कमाई की। ऐसे में छावा का कुल कलेक्शन 326.75 करोड़ तक पहुंच चुका है।
भारत में "छावा" का 10 दिनों का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (नेट)
दिन | कलेक्शन (₹ करोड़) |
---|---|
शुक्रवार | 31 |
शनिवार | 37 |
रविवार | 48.5 |
सोमवार | 24 |
मंगलवार | 25.25 |
बुधवार | 32 |
गुरुवार | 21.50 |
पहले हफ्ते की कुल कमाई | 219.25 |
शुक्रवार (8वां दिन) | 23.5 |
शनिवार (9वां दिन) | 44 |
रविवार | 40 करोड़ (प्रारंभिक अनुमान) |
अब तक की कुल कमाई | 326.75 |
(स्रोत: Sacnilk)
छावा ने दूसरे हफ्ते एक और उपलब्धि हासिल की। यह फिल्म दूसरे वीकेंड में पुष्पा 2 के बाद दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बनी है। पुष्पा ने दूसरे वीकेंड में 128 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं छावा ने 109 करोड़ का कलेक्शन की है। इस सूची में तीसरे नंबर में राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की स्त्री 2 है जिसने दूसरे वीकेंड में 93 करोड़ से ऊपर की कमाई की थी। यह आंकड़ें बॉलीवुड बिजनेस पर नजर रखने वाले तरण आदर्श ने जारी किए हैं। नीचे पूरी सूची देखें
वीकेंड 2 के टॉप परफॉर्मर्स (नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, भारत)
रैंक | फिल्म | कलेक्शन (₹ करोड़) |
---|---|---|
⭐ 1 | पुष्पा 2 (हिंदी) | ₹ 128.00 |
⭐ 2 | छावा | ₹ 109.23 ✅ |
⭐ 3 | स्त्री 2 | ₹ 93.85 |
⭐ 4 | गदर 2 | ₹ 90.47 |
⭐ 5 | एनिमल | ₹ 87.56 |
⭐ 6 | जवान | ₹ 82.46 |
⭐ 7 | बाहुबली 2 (हिंदी) | ₹ 80.75 |
⭐ 8 | दंगल | ₹ 73.70 |
⭐ 9 | द कश्मीर फाइल्स | ₹ 70.15 |
⭐ 10 | पठान | ₹ 63.50 |
⭐ 11 | संजू | ₹ 62.97 |
⭐ 12 | बजरंगी भाईजान | ₹ 56.10 |
⭐ 13 | द केरल स्टोरी | ₹ 55.60 |
⭐ 14 | KGF 2 (हिंदी) | ₹ 52.49 |
फिल्म की स्टार कास्ट
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘छावा’ मराठा शासक छत्रपति संभाजी महाराज और उनकी पत्नी महारानी येसूबाई पर आधारित है। छत्रपति शिवाजी के पुत्र संभाजी का किरदार विक्की कौशल ने निभाया है। वहीं मुगल बादशाह औरंगजेब की भूमिका में अभिनेता अक्षय खन्ना हैं। भव्य सेट, वीरता की कहानी, शानदार कलाकारों से सजी फिल्म विवादों में भी घिरी।
फिल्म के उस सीन को लेकर जबरदस्त विरोध देखने को मिला था, जिसमें संभाजी महाराज के किरदार में विक्की कौशल राज्याभिषेक के बाद महारानी येसूबाई के किरदार रश्मिका मंदाना के साथ नृत्य करते नजर आए। हालांकि, निर्माताओं ने फिल्म रिलीज से पहले विवादित सीन को हटवा दिया। फिल्म 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
पीएम मोदी ने की फिल्म की तारीफ
छावा फिल्म की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारीफ की है। अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था, "यह महाराष्ट्र और मुंबई ही है जिसने मराठी के साथ-साथ हिंदी सिनेमा को भी नई ऊंचाई दी है। इन दिनों तो ‘छावा’ की धूम मची हुई है। संभाजी महाराज की वीरता का परिचय इस रूप में शिवाजी सावंत के मराठी उपन्यास से मिलता है।"
मध्य प्रदेश और गोवा में टैक्सी फ्री 'छावा'
फिल्म ‘छावा’ मध्य प्रदेश के बाद अब गोवा में भी टैक्स फ्री कर दी गई है। सीएम प्रमोद सावंत ने फिल्म को टैक्स फ्री करने की जानकारी एक्स पोस्ट में दी थी। उन्होंने लिखा कि छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन और बलिदान पर आधारित फिल्म ‘छावा’ गोवा में टैक्स फ्री कर दी गई है।“
गोवा से पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने छत्रपति शिवाजी की जयंती पर मराठा शासक संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म 'छावा' को प्रदेश भर में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया था।
"छावा" बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है, और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में यह और भी बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है।