नई दिल्ली: ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अगर सब कुछ बुरी स्थिति में पहुंच जाए तो भी भारत के पास पर्याप्त तेल है। आश्वासन देते हुए पुरी ने कहा कि यह तभी चिंता का विषय होगा जब होर्मुज जलडमरूमध्य बंद हो जाता है। होर्मुज को ओमान और ईरान के बीच 'दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण तेल ट्रांजिट चोकपॉइंट' कहा जाता है।

न्यूज-18 के अनुसार पुरी ने एक इंटरव्यू में कहा, 'अगर सब कुछ बहुत बुरी स्थिति में पहुंच जाए तो भी हमारे पास पर्याप्त तेल है। भारत लगभग 55 लाख बैरल कच्चा तेल आयात करता है, जिसमें से लगभग 15 लाख बैरल होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आता है, जिसके उत्तर में ईरान स्थित है। चिंता इस बात की होगी कि अगर जलडमरूमध्य मार्ग बंद हो जाता है या रोक दिया जाता है।'

हरदीप सिंह पुरी ने कहा, '50 वर्षों में जलडमरूमध्य कभी बंद नहीं हुआ। ऐसे कई देश हैं जो नहीं चाहेंगे कि इसे बंद किया जाए। क्षेत्र में तनाव के कई दौर आए हैं, लेकिन ईंधन का प्रवाह रुकता नहीं है।'

क्या तेल की कमी होगी या इसके दाम बढ़ेंगे?

हरदीप सिंह पुरी ने कहा, 'मैं बस इतना कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) के नेतृत्व में, वे खेल में आगे हैं और हमारे पास कई तरह से आपूर्ति है। हमारे पास पर्याप्त, पर्याप्त से अधिक आपूर्ति है और हम और अधिक प्राप्त कर सकते हैं और हमारे पास अपना घरेलू उत्पादन भी है।'

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत के पास तीन हफ्ते से अधिक का स्टॉक है। इसके अलावा भारत का अपना उत्पादन और घरेलू सप्लाई भी है। उन्होंने कहा, 'हमारे पास पाइपलाइन है। अगर स्थिति और बुरी हुई तो हम अपने पेट्रोलियम प्रोडक्ट का निर्यात रोक देंगे। प्रधानमंत्री सजग हैं और इस खेल से आगे हैं।'