न्यूयॉर्क: डोनाल्ड ट्रंप की आक्रामक टैरिफ नीतियों का बड़ा असर सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार पर दिखा। बड़े पैमाने पर बिकवाली नजर आई। इस वजह से वॉल स्ट्रीट पर प्रमुख शेयर बाजार सूचकांकों में भारी गिरावट देखी गई। एसएंडपी 500 (500 बड़ी कंपनियों का सूचकांक) में 2.70% की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा डॉव जोन्स (Dow Jones) में 890.01 से अधिक अंक और नैस्डैक (Nasdaq) में 4% की गिरावट आई।
हाल के हफ्तों में यह सबसे तेज गिरावट में से एक है। टेक कंपनियों के शेयर सबसे ज्यादा बुरी तरह से प्रभावित नजर आए। मौजूदा स्थिति में टेक कंपनियां एक तरह से अमेरिकी शेयर बाजार की रीढ़ मानी जाती हैं।
अमेरिकी बाजार में यह गिरावट डोनाल्ड ट्रंप के रविवार के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि 'ये बदलाव का दौर' है। एक इंटरव्यू में ये सवाल पूछे जाने के बाद कि क्या अमेरिका मंदी की ओर बढ़ रहा है, ट्रंप ने सीधे-सीधे जवाब नहीं देते हुए कहा था कि 'हम जो कर रहे हैं वो बहुत बड़ी बात है।'
बहरहाल, इन सबके बीच जानकारों के अनुसार निवेशकों को डर है कि कनाडा, मैक्सिको और चीन पर ट्रंप की आक्रामक टैरिफ नीतियां अमेरिका को मंदी की ओर धकेल सकती हैं। साथ ही इससे वैश्विक वित्तीय बाजारों में व्यापक अनिश्चितता पैदा हो सकती है।
टेक कंपनियों के स्टॉक में बड़ी गिरावट
अमेरिकी बाजार में टेक्नोलॉजी स्टॉक को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। नैस्डैक कंपोजिट ने 2022 के बाद से अपना सबसे खराब दिन झेला, जिसमें 4% की गिरावट आई। टेस्ला के शेयरों में 15.4% की गिरावट आई। AI चिप के क्षेत्र में काम करने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के शेयरों में 5% से अधिक की गिरावट आई। इसेक अलावा मेटा, अमेजन और अल्फाबेट सहित अन्य बड़ी टेक कंपनियों के शेयर में भी बड़ी गिरावट हुई।
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के अनुसार व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बाजार की प्रतिक्रिया को कमतर बताते हुए कहा, 'हम शेयर बाजार की चाल और वास्तविक आर्थिक स्थिति के बीच एक मजबूत अंतर देख रहे हैं।'
एशियाई बाजारों पर पड़ेगा असर?
बीबीसी न्यूज के अनुसार जापान के निक्केई (Nikkei) 225 में 2.5% की गिरावट आई है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 2.3% की गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया के एसएंडपी/एएसएक्स 200 में शुरुआती कारोबार में 1.8% की गिरावट आई है।
वैश्विक हालात के असर भारतीय शेयर बाजार पर भी नजर आ रहे हैं। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स ने खुलते ही 400 से ज्यादा अंकों का गोता लगाया। वहीं निफ्टी में भी शुरुआती कारोबार में 100 से ज्यादा अंकों की गिरावट दर्ज की गई है। इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) के शेयर 20 प्रतिशत तक सुबह के आधे घंटे के कारोबार के बीच गिर गए। इसके अलावा इंफोसिस के शेयरों में तीन फीसदी से ज्यादा की गिरावट हुई है। माना जा रहा है कि भारतीय बाजार में भी खास तौर पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) स्टॉक पर ज्यादा असर नजर आ सकता है, जो कारोबार के लिए अमेरिका पर निर्भर हैं।
इसी सप्ताह अमेरिका की ओर से कनाडाई स्टील और एल्युमीनियम पर अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाने की उम्मीद है, जिससे निवेशकों को और अधिक अस्थिरता की आशंका है।