पटना: बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election Result) के आज आ रहे नतीजों में एनडीए गठबंधन बड़ी जीत की ओर आगे बढ़ती नजर आ रही है। इसमें भी खासकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू और चिराग पासवान की लोजपा (आरवी) का दमदार प्रदर्शन नजर आ रहा है, जो कि पिछली बार के नतीजों से एकदम उलट है। भाजपा राज्य में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरती नजर आ रही है। वहीं, पिछली बार के चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी रही विपक्ष की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को बड़ा नुकसान हो रहा है।
बिहार चुनाव नतीजे: एनडीए की बड़ी जीत
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार दोपहर 12.30 बजे के रूझानों पर भाजपा 85 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं 243 सीटों में से जदयू 76 और चिराग पासवान की लोजपा (आरवी) 21 सीटों पर आगे है। लोजपा (आरवी) ने 29 सीटों पर चुनाव लड़ा था। वहीं, भाजपा ने एनडीए गठबंधन के तहत 101 सीटों पर ताल ठोकी थी। जदयू ने भी इतनी ही सीटों पर चुनाव लड़ा है। एनडीए की ही सहयोगी जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) 5 सीटों पर आगे चल रही है। हम को चुनाव लड़ने के लिए 6 सीटें दी गई थी। राष्ट्रीय लोक मोर्चा भी 4 सीटों पर आगे है। इसे भी चुनाव लड़ने के लिए 6 सीटें मिली थी।
बिहार चुनाव: विपक्ष का बुरा हाल
दूसरी ओर विपक्ष की पार्टियों को बड़ा नुकसान हो रहा है। पिछली बार सबसे बड़ी पार्टी रही राजद सिर्फ 32 सीटों पर आगे चल रही है। पिछली बार उसके खाते में 70 सीटें आई थी। पिछले चुनाव में 19 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार केवल 6 सीटों पर आगे है। ये आंकड़े दोपहर 12.25 बजे तक के हैं।
इनके अलावा सीपीआई (एमएल) (एल) 7 सीट, विकासशील इंसानी पार्टी (वीआईपी) एक, सीपीआई (एम) एक सीट पर आगे है।
इसके अलावा बीएसपी एक सीटों पर बढ़त बनाए हुई हैं। असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम तीन सीटों पर आगे चल रही है। इनके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज और तेज प्रताप का जनशक्ति जनता दल फिलहाल इस रेस में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।
दो चरणों में मतदान…इस बार हुई थी रिकॉर्ड वोटिंग
बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों (6 नवंबर को पहले चरण में 121 विधानसभा सीट और 11 नवंबर को दूसरे चरण के लिए 122 विधानसभा) की वोटिंग के बाद शुक्रवार को मतगणना हो रही है। मतगणना की शुरुआत सुबह 8:00 बजे डाक मतपत्रों से हुई और उसके आधे घंटे बाद 8:30 बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) से मतगणना शुरू हुई।
प्रदेश में इस समय नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए और राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव कई मायनों में खास रहा। बिहार के राजनीतिक इतिहास में पहली बार रिकॉर्ड 67.13 प्रतिशत मतदान हुआ। सिर्फ यही नहीं, इस बार बिहार में ‘जीरो रि-पोलिंग’ का भी रिकॉर्ड बना।
बिहार में किसी भी बूथ पर दोबारा मतदान की जरूरत नहीं पड़ी और न ही किसी बड़ी पार्टी की ओर से इसकी मांग हुई।

