पटना: बिहार में चुनावी सरगर्मी जोर पकड़ने के बीच कुछ जगहों पर प्रत्याशियों सहित प्रचार वाहनों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं। गयाजी जिले के टिकारी विधानसभा क्षेत्र में जीतन राम मांझी की पार्टी HAM के प्रदेश अध्यक्ष, विधायक व एनडीए प्रत्याशी अनिल कुमार पर प्रचार के दौरान जानलेवा हमले की खबर है। यह घटना बुधवार शाम हुई। इसके अलावा कुछ और जगहों पर राजद समेत दूसरी अन्य पार्टियों से जुड़े प्रचार वाहनों में तोड़फोड़ की भी खबरें आई हैं।
टिकारी में ‘हम’ प्रत्याशी पर हमला
HAM के विधायक और एनडीए प्रत्याशी अनिल कुमार पर बुधवार शाम उस समय हमला हुआ जब वे टिकारी विधानसभा क्षेत्र के दिघौरा गांव में अपने जनसंपर्क अभियान पर थे। सामने आई जानकारी के अनुसार उनके काफिले पर ईंट, पत्थर से हमले किए गए। इस घटना में विधायक समेत उनके कई समर्थक घायल हो गए। मामले में एसएसपी आनंद कुमार ने बताया है कि 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, विधायक अनिल कुमार ने बताया कि दिघौरा में 10 से 15 युवकों ने उन्हें गाड़ी से उतारने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां बड़ी संख्या में जुटे लोग ईंट-पत्थर चलाने लगे। उन्होंने बताया कि वे एक गाड़ी से उतरकर दूसरी गाड़ी में बैठे इसी दौरान वहां मौजूद कुछ उत्पातियों ने गोली चला दी जिसमें उनकी जान बाल-बाल बची। विधायक के साथ मौजूद अंगरक्षकों ने भी हवाई फायरिंग की। हमले में सात गाड़ियों के क्षतिग्रस्त होने की खबर है। वहीं, अनिल कुमार के हाथ, पीठ और पैर में चोट लगी है।
घटना को लेकर जीतन राम मांझी की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अनिल कुमार पर हमला विपक्ष की कायरता और हताशा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राजद के लोग बिहार को बंगाल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि अनिल कुमार पर चले हर पत्थर का जवाब बिहार की जनता वोट के चोट से देगी।
बिहार में कई और जगहों पर तोड़फोड़ की खबरें
हम विधायक पर हमले के बीच कुछ और जगहों पर भी प्रत्याशियों के प्रचार वाहन के साथ तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। नवादा में अपने प्रत्याशी का प्रचार कर रहे राजद कार्यकर्ताओं पर कुछ लोगों ने हमला किया। इसमें राजद के तीन कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है। दो प्रचार वाहनों के शीशे भी टूट गए। यह घटना मंगलवार शाम वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के तुल्लापुर गांव के पास की है। राजद कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रत्याशी समर्थक जिला पार्षद अंजनी कुमार और कुछ अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है।
इसके अलावा पटना के करीब मनेर विधानसभा क्षेत्र से जनसुराज के प्रत्याशी गोपाल सिंह उर्फ संदीप कुमार सिंह के चुनाव प्रचार वाहन में तोड़फोड़ की खबर सामने आई है। घटना ब्रह्मचारी-शेरपुर गांव की बताई गई है। गाड़ी में लगे बैनर-पोस्टर भी फाड़े गए।
दूसरी ओर नवगछिया में बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के खरीक प्रखंड के तेलघी गांव में भाजपा विधायक व प्रत्याशी ई. शैलेंद्र और निर्दलीय प्रत्याशी अवनीश कुमार के समर्थक आपस में भिड़ गए। तेलघी भाजपा विधायक का पैतृक गांव है। भाजपा विधायक ई. शैलेंद्र के अनुसार वे चुनाव प्रचार के लिए गांव से बाहर गए थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी दी गई कि निर्दलीय प्रत्याशी उनके गांव में पहुंचे हुए हैं और उनके घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे हैं। भाजपा विधायक के अनुसार गांव के लोगों और कार्यकर्ताओं ने समझाने की कोशिश की लेकिन दूसरे पक्ष की ओर से मारपीट शुरू कर दी गई।
इसके अलावा कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सचिंद्र प्रसाद सिंह के प्रचार वाहन के चालक के साथ मारपीट और तोड़पोड़ की भी खबरें आई हैं। भाजपा की ओर से मारपीट का आरोप राजद समर्थकों पर लगाया गया है।

