पटना: बिहार में पहले चरण के लिए मतदान गुरुवार को होना है। प्रचार अभियान बुधवार को थम गया। पहले चरण में बिहार में 18 जिलों में 121 सीटों पर मतदान है। इसमें कई सीटों पर दिग्गजों की किस्मत का फैसला भी बिहार की जनता करेगी। पहले चरण में कुल 3.75 करोड़ मतदाता हैं जो अपना वोट डालेंगे। इसमें पहली बार वोट डालने वाले वोटरों की संख्या 7 लाख 37 हजार 765 है।
Bihar Election: किन जिलों में पहले चरण में वोटिंग
बिहार में पहले चरण में 18 जिलों में मतदान हैं। इनमें गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, पटना, वैशाली, नालंदा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, दरभंगा, मुंगेर, सहरसा, खगड़िया, मधेपुरा शामिल हैं। इन जिलों में वोटिंग के लिए कुल 45341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्र पर सशस्त्र बलों की तैनाती रहेगी। साथ ही शत प्रतिशत बूथों पर वेब कास्टिंग भी होगी। इससे चुनाव चुनाव आयोग सभी बूथों पर ऑनलाइन तरीके से निगरानी रख सकेगा।
पांच विधानसभा क्षेत्रों सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा), महिषी (सहरसा), तारापुर (मुंगेर), मुंगेर और जमालपुर में सभी बूथों एवं सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के 56 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होना है। मुजफ्फरपुर और कुढनी में सबसे अधिक 20-20 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, भोरे, परबत्ता और अलौली में सबसे कम पांच-पांच उम्मीदवार हैं।
बिहार चुनाव: पहले चरण में किस दल से कितने प्रत्याशी
पहले चरण में 121 सीटों की बात करें तो भाजपा (एनडीए) के 48 उम्मीदवार मैदान में हैं। एनडीए के अन्य सहयोगियों में जदयू से 57, लोजपा (आर) से 14 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रोलोमो) से 2 उम्मीदवार मैदान में हैं। महागठबंधन की बात करें तो राजद से पहले चरण में 73, कांग्रेस से 24, भाकपा माले से 14, वीआईपी से 5, माकपा से 3, भाकपा से 5 और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) से 3 उम्मीदवार मैदान में हैं।
इसके अलावा पहले चरण में सबसे उम्रदराज उम्मीदवारों की बात करें तो हरनौत से जदयू के हरिनारायण सिंह (78 साल) मैदान में हैं। ऐसे ही सिवान से राजद के अवध बिहारी चौधरी (78 साल) भी ताल ठोक रहे हैं। वहीं, सबसे युवा उम्मीदवारों की लिस्ट में अलीनगर से भाजपा की मैथिली ठाकुर (25 साल) शामिल हैं। इसके अलावा विभूतिपुर से जदयू की रवीना कुशवाहा (27) दूसरी सबसे कम उम्र की उम्मीदवार हैं जो पहले चरण में अपनी किस्मत आजमाएंगी।
बिहार चुनाव: कहां किन पार्टियों के बीच सीधी लड़ाई
पहले चरण में 25 सीटों पर भाजपा और राजद में सीधी लड़ाई है। वहीं, 12 सीटों पर भाजपा की टक्कर कांग्रेस से है। 34 सीटों पर जदयू-राजद में सीधा मुकाबला है। वहीं, 11 सीटों पर जदयू और कांग्रेस आमने-सामने हैं। एक सीट- कुशेश्वरस्थान में वीआईपी की उम्मीदवारी रद्द होने से जदयू का मुकाबला निर्दलीय से है। दो सीटों पर रोलोमो की राजद से लड़ाई है। वीआईपी का चार सीटों पर भाजपा से सीधा मुकाबला है जबकि एक सीट पर जदयू से सामना होगा। भाकपा माले की भी जदयू से सात, भाजपा से पांच और लोजपा (आर) से दो सीटों पर सीधी लड़ाई है।
पहले चरण में पांच सीटें ऐसी भी हैं जहां महागठबंधन के उम्मीदवारों की ही आपस में भिड़ंत है। इसमें वैशाली, बछवाड़ा, राजापाकर, बिहारशरीफ, बेलदौर सीट शामिल है। वैशाली में राजद और कांग्रेस आमने-सामने हैं। ऐसे ही बछवाड़ा, बिहारशरीफ और राजापाकर सीट पर सीपीआई और कांग्रेस के उम्मीदवार खड़े हैं। बेलदौर में कांग्रेस और आईआईपी (दोनों महागठबंधन) के उम्मीदवार भी आमने-सामने हैं।
पहले चरण में किन दिग्गजों का होगा फैसला
पहले चरण में 121 सीटों में से कई ऐसे हैं, जहां दिग्गज चेहरे मैदान में हैं। इसमें बिहार के दोनों मौजूदा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के नाम शामिल हैं। साथ ही महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव की किस्मत का भी फैसला गुरुवार को हो जाएगा। मौजूदा सरकार में शामिल 14 मंत्री भी पहले चरण में मैदान में हैं।
सम्राट चौधरी तारापुर से तो विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से चुनावी मैदान में हैं। तेजस्वी यादव राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव आलमनगर से चुनावी ताल ठोक रहे हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सिवान से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी से है।
बिहार सरकार में अन्य मंत्रियों की बात करें तो जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सरायरंजन से, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री रत्नेश सदा सोनबरसा से, राजस्व एवं भूमि सुधान मंत्री संजय सरावगी दरभंगा से, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी बहादुरपुर, नगर विकास मंत्री जिवेश कुमार जाले से चुनावी मैदान में हैं।
इसके अलावा पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता कुढ़नी से, पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह साहेबगंज, आईटी मंत्री कृष्ण कुमाक मंटू अमनौर से और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी कल्याणपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार नालंदा से चुनावी मैदान में हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार बिहारशरीफ से चुनाव लड़ रहे हैं। साथ ही शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भोरे से जबकि पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन बांकीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं।
ये चर्चित नाम भी हैं मैदान में
तेजप्रताप यादव का चुनाव भी पहले चरण में है। वे महुआ से चुनावी मैदान में हैं। यहां उनका मुकाबला राजद के मुकेश रंजन और लोजपा (आर) के संजय सिंह से है। इसके अलावा कुछ और चर्चित चेहरे की बात करें तो बक्सर से जन सुराज के पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा, परसा से पूर्व सीएम दरोगा राय की पोती डॉ. करिश्मा राय, छपरा से भोजपुरी फिल्मों के स्टार खेसारी लाल यादव, अलीगंज से मैथिली ठाकुर, सीवान से पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब और मोकामा से अनंत सिंह के भाग्य का फैसला पहले चरण में होना है। अनंत सिंह का मुकाबला पूर्व सांसद वीणा देवी से है, जो राजद से प्रत्याशी हैं और बाहुबली की छवि रखने वाले सूरजभान सिंह की पत्नी हैं। जन सुराज पार्टी के पीयूष प्रियदर्शी भी इस सीट पर मैदान में हैं। इसके अलावा लालगंज से पूर्व विधायक अनु शुक्ला और मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला भी अपना भाग्य आजमा रही हैं।

