Saturday, November 1, 2025
HomeभारतBihar Election 2025: पहले 'बिहारी' कहलाना अपमान…', वीडियो संदेश में बोले नीतीश-...

Bihar Election 2025: पहले ‘बिहारी’ कहलाना अपमान…’, वीडियो संदेश में बोले नीतीश- फिर मौका दीजिए

बिहार में चुनावी प्रचार की सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें नीतीश कुमार बिहार के लोगों से एक बार फिर उनकी सरकार को मौका देने की अपील करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले बिहारी कहलाना अपमान का विषय होता था, उनकी सरकार ने इस धारणा को बदला।

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार सुबह एक वीडियो संदेश जारी किया। जदयू के एक्स हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो में नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें एक ऐसा राज्य विरासत में मिला था जहाँ ‘बिहारी’ शब्द को अपमान के रूप में इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन अपने सरकार के काम से उन्होंने इस धारणा को बदल दिया।

साथ ही नीतीश कुमार ने चुनाव से पहले बिहार के लोगों से एक ‘नया बिहार’ बनाने में मदद करने का आग्रह करते हुए एनडीए को वोट देने की भी अपील की। नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें एक और मौका और दिया जाना चाहिए, जिसके बाद उनकी सरकार और उत्साह से काम करेगी। इससे बिहार अगले कुछ सालों में टॉप के राज्यों में शामिल हो जाएगा।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घोषणापत्र जारी होने के एक दिन बाद नीतीश कुमार का यह वीडियो संदेश सामने आया है। बिहार के मुख्यमंत्री ने वीडियो संदेश में यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में भी विकास हुआ है और एनडीए बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रहा है।

‘हमें जो बिहार मिला था….’

बिहार के वोटरों को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने 2005 से पहले के समय का जिक्र करते हुए कहा, ‘हमें जिस भी परिस्थिति में बिहार विरासत में मिला, हमने उसे संभाला और उसके विकास के लिए काम किया। पहले बिहारी कहलाना अपमान की बात मानी जाती थी, लेकिन अब यह सम्मान की बात है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘हम बिहार के विकास के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। आपने हमें चार मौके दिए हैं… कृपया एक बार फिर हमारे उम्मीदवार को चुनकर एनडीए की सरकार बनाएँ। इससे बिहार और केंद्र में एनडीए की सरकार सुनिश्चित होगी। बिहार निरंतर विकास कर रहा है और आगे भी विकास होगा।’

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उनकी सरकार ने सभी समुदायों के लिए है। उन्होंने एनडीए उम्मीदवारों का समर्थन करने का आग्रह करते हुए कहा, ‘मैंने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया। मेरा पूरा बिहार मेरा परिवार है… मैंने हिंदुओं, मुसलमानों, अपर कास्ट, पिछड़ा, पिछड़ा, अति-पिछड़ा सहित सभी जातियों व धर्मों के लिए काम किया है।’

नीतीश ने कहा कि ‘हमने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया। बिहार का विकास ही हमारा लक्ष्य रहा।’ नीतीश कुमार ने महिलाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने उनके लिए बहुत काम किया। नीतीश कुमार ने कहा कि पहले की सरकारों ने महिलाओं के लिए कोई काम नहीं किया। नीतीश ने दावा किया कि उनकी सरकार ने महिलाओं के लगातार काम किया, जिसके चलते आज महिलाएं किसी पर भी निर्भर नहीं हैं और बच्चों की भी जिम्मेदारी खुद उठा पा रही हैं।

बता दें कि बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होना है। मतगणना 14 नवंबर को होगी। चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ एनडीए का मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले विपक्षी महागठबंधन से है।

एनडीए के सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा हैं। महागठबंधन में कांग्रेस, वामपंथी दल और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं। वहीं, इन सबके बीच राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी इस चुनाव में हिस्सा ले रही है।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

प्रताप दीक्षित on कहानीः प्रायिकता का नियम
डॉ उर्वशी on कहानीः इरेज़र
मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा