पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Election 2025) के तहत पहले चरण का मतदान आज हो रहा है। पहले चरण में 18 जिलों में 121 सीटों पर वोटिंग है। कुल 1314 उम्मीदवार (122 महिलाएं) मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला आज मतदाता करेंगे। इसमें कई हाई प्रोफाइल चेहरे समेत राज्य के 14 मंत्री भी शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ।
पांच विधानसभा क्षेत्रों सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा), महिषी (सहरसा), तारापुर (मुंगेर), मुंगेर और जमालपुर में सभी बूथों एवं सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के 56 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं, राज्य के अन्य सभी विधानसभा क्षेत्रों में शाम 6 बजे तक मतदान होना है।
बिहार चुनाव 2025: पहले चरण का मतदान, 10 बड़े अपडेट
- आज 3.75 करोड़ मतदाता डालेंगे वोट: पहले चरण में कुल 3,75,13,302 मतदाता हैं। इनमें 1,98,35,325 पुरुष, 1,76,77,219 महिलाएं और 758 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। वहीं, कुल मतदान केंद्रों की संख्या 45,341 है, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 36,733 और शहरी क्षेत्रों में 8,608 मतदान केंद्र शामिल हैं।
- सभी बूथों पर वेबकास्टिंग: पटना में 5,677 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 541 केवल महिलाओं के लिए, 49 आदर्श मतदान केंद्र, 14 दिव्यांगजनों के अनुकूल मतदान केंद्र और 3 युवा-केंद्रित बूथ शामिल हैं। सभी 45,341 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग उपलब्ध होगी। इससे चुनाव आयोग हर बूथ पर ऑनलाइन नजर रख सकेगा।
- किन 18 जिलों में वोटिंग: आज जिन 18 जिलों में वोटिंग हो रही है, वे हैं- खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय और बक्सर में मतदान जारी है।
- भाजपा-जदयू के कितने उम्मीदवार: पहले चरण में 121 सीटों की बात करें तो भाजपा (एनडीए) के 48 उम्मीदवार मैदान में हैं। एनडीए के अन्य सहयोगियों में जदयू से 57, लोजपा (आर) से 14 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रोलोमो) से 2 उम्मीदवार मैदान में हैं।
- महागठबंधन का क्या है हाल: महागठबंधन की बात करें तो राजद से पहले चरण में 73, कांग्रेस से 24, भाकपा माले से 14, वीआईपी से 5, माकपा से 3, भाकपा से 5 और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) से 3 उम्मीदवार मैदान में हैं।
- कई मंत्री मैदान में: बिहार के दोनों मौजूदा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा की किस्मत का भी फैसला आज होना है। साथ ही विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव आलमनगर से चुनावी ताल ठोक रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सिवान से चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य मंत्रियों में- जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सरायरंजन से, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री रत्नेश सदा सोनबरसा से राजस्व एवं भूमि सुधान मंत्री संजय सरावगी दरभंगा से, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी बहादुरपुर, नगर विकास मंत्री जिवेश कुमार जाले से चुनावी मैदान में हैं।
- नीतीश कुमार के ये मंत्री भी मैदान में: पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता कुढ़नी से, पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह साहेबगंज, आईटी मंत्री कृष्ण कुमाक मंटू अमनौर से और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी कल्याणपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार नालंदा से चुनावी मैदान में हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार बिहारशरीफ से चुनाव लड़ रहे हैं। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भोरे से जबकि पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन बांकीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं।
- पहले चरण में ये बड़े नाम भी: महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव की किस्मत का भी फैसला आज होना है। इसके अलावा छपरा से भोजपुरी फिल्मों के स्टार खेसारी लाल यादव, अलीगंज से मैथिली ठाकुर, सीवान से पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब और मोकामा से अनंत सिंह के भाग्य का फैसला भी पहले चरण में होना है। लालगंज से पूर्व विधायक अनु शुक्ला और मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला भी अपना भाग्य आजमा रही हैं।
- पीएम नरेंद्र मोदी का ट्वीट: बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी राज्यवासियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। उन्होंने पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के सभी युवाओं को विशेष बधाई दी। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट के अंत में लिखा, ‘पहले मतदान, फिर जलपान!’
- गया में हम प्रत्याशी पर हमला: दूसरी ओर बिहार के बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के उम्मीदवार और मौजूदा विधायक ज्योति मांझी पर बुधवार देर शाम अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब ज्योति मांझी अपने समर्थकों के साथ इलाके का दौरा कर रही थीं और घर-घर जाकर कैंपेन कर रही थीं। हमलावरों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। गया में वोटिंग दूसरे चरण में 11 नवंबर को होगी।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: पहले चरण में 121 सीटों पर कल मतदान, कहां किससे मुकाबला; किन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला?

